प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में गांव कैमरी में नमो क्रिकेट लीग का आज दूसरा दिन है। आयोजक के अनुसार आज दूसरे दिन भी काफी रोमांचक मुकाबले होंगे। मुकाबले सुबह 10 बजे से शुरू होंगे। पहले दिन कुल 24 मुकाबले खेले गए थे। सभी नॉकआउट मुकाबले खेले जा रहे हैं। इस लीग का आयोजन सुदेश भंडारी चेरिटेबल ट्रस्ट और मुख्यमंत्री के सलाहकार तरुण भंडारी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। तरुण भंडारी ने बताया कि टूर्नामेंट को कुल 32 जोन में बांटा गया है। प्रत्येक जोन से 100 टीमें हिस्सा लेंगी। नॉकआउट और ड्राॅ मैचों के विभिन्न चरणों के बाद हर जोन से एक सर्वश्रेष्ठ टीम शीर्ष 32 स्तर पर पहुंचेगी।
पहले हुए ये हुए मुकाबले
पहले दिन शनिवार को हिसार जोन में पहला मैच हिसार रॉयल और ब्लैक ईगल के बीच खेला गया। हिसार रॉयल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवर में 85 रन बनाए। जवाब में ब्लैक ईगल टीम 6 ओवर में केवल 40 रन ही बना पाई। हिसार रॉयल ने यह मैच 45 रन से जीत लिया। हिसार रॉयल के उपकप्तान प्रमोद सिंधु ने 18 गेंदों में 50 रन बनाए। कप्तान अमित गोदारा ने गेंदबाजी में 2 ओवर में 8 रन देकर तीन विकेट लिए। उन्होंने बल्लेबाजी में भी 6 गेंदों में 15 रन का योगदान दिया। टीम के अन्य खिलाड़ियों सैम, रिम्पी, रवि, मोहित, हिमा और अमन ने भी अच्छा प्रदर्शन किया।