हांसी। क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक विनोद भयाना ने शनिवार को हांसी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने करीब 1 करोड़ 67 लाख रुपये की लागत से पांच विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, गली और खेतों के रास्तों सहित मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर करवाए जा रहे हैं।
जमावड़ी गांव में 55 लाख रुपये की लागत से खेतों के रास्ते और गांव की गली को पक्का करने के कार्य का शुभारंभ किया गया। साथ ही नायक चौपाल के निर्माण कार्य को भी शुरू करवाने के निर्देश दिए गए। ढाणा खुर्द में 41 लाख रुपये की लागत से खेत के रास्ते को पक्का करने का कार्य शुरू हुआ।
मेहंदा गांव में 41 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित पक्के खेत के रास्ते व अनीपुरा गांव में 10 लाख रुपये की लागत से बनी पक्की गली का उद्घाटन किया गया। विधायक ने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीओ मानसिंह, राजपाल यादव, सोरखी मंडल अध्यक्ष विजय सैनी, अटल मंडल अध्यक्ष श्याम खांडा, उमरा मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, ब्लॉक समिति चेयरमैन प्रतिनिधि सुभाष यादव, सोनू जांगड़ा और विधायक के निजी सचिव रवि अरोड़ा सहित अनेक मौजूद रहे।
23 को शहीद राव तुलाराम चौक व प्रतिमा का लोकार्पण करेंगे केंद्रीय मंत्री :
विधायक ने बताया कि 23 सितंबर को दिल्ली रोड टी प्वाइंट पर नवनिर्मित शहीद राव तुलाराम चौक का लोकार्पण और शहीद राव तुलाराम की प्रतिमा का अनावरण केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह करेंगे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री आरती राव, सांसद धर्मवीर सिंह आदि मौजूद रहेंगे।