हिसार। सेक्टर 9-11 क्षेत्र में फाइनेंसर की प्रताड़ना से तंग श्रवण कुमार के छत से कूदकर जान देने के मामले में पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस पूछताछ में मृतक की परिजन ने बताया कि उनके पिता का कसूर सिर्फ इतना था कि वे कोविड काल के दौरान किसी व्यक्ति को फाइनेंसर अशोक गोयल से रकम उधार दिलवाने में गारंटर बने थे।
मूल रूप से बिहार (मधुबनी) निवासी प्रकाश व काजल ने बताया कि उनके पिता जेएसएल कंपनी में कार्यरत थे। उधार लेने वाला व्यक्ति पैसे लेकर भाग गया जिसके बाद फाइनेंसर अशोक गोयल पिता पर 10 प्रतिशत ब्याज की दर से वसूली का दबाव बनाने लगा। आरोपी चेक बाउंस का कोर्ट में केस दर्ज कराने के बावजूद दबाव बनाकर 10 लाख रुपये से अधिक वसूल चुका था और बार-बार घर आकर जान से मारने की धमकियां देता था। इससे पिता मानसिक रूप से परेशान रहने लगे थे।
घटना के दिन भी पुलिस के साथ पहुंचा था आरोपी
काजल ने आरोप लगाया कि शनिवार को आरोपी फाइनेंसर पुलिस को साथ लेकर उनके घर पहुंचा था। फाइनेंसर और पुलिस को देखकर घबराए पिता ने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। एचटीएम थाना पुलिस के जांच अधिकारी एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि आरोपी अशोक गोयल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकाने पर दबिश दे रहे हैं।