मिड-डे मील के कारण स्कूलोें में गिरते शैक्षणिक स्तर के विरोध में डीएएसएफआई ने शुक्रवार को सिवानी खंड में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद खंड शिक्षा अधिकारी और एसडीएम के माध्यम से शिक्षा मंत्री, मुख्यमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला प्रधान राजपाल ने की, जबकि नेतृत्व चेयरमैन डॉ. प्रदीप अंबेडकर ने किया।
इससे पहले विभिन्न गांवों के छात्र न्यू बस स्टैंड के पास एकत्र हुए और मुख्य मार्ग से होते हुए खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे। इस मौके पर प्रदेश चेयरमैन डॉ. अंबेडकर ने कहा कि मिड-डे मील के कारण बच्चों का शैक्षणिक स्तर दिनों-दिन गिरता जा रहा है।
बच्चों का ध्यान पढ़ाई की बजाए केवल खाने पर लगा रहता है। वहीं अध्यापक भी मिड-डे मील की कागजी खानापूर्ति में ही लगे रहते हैं। इसलिए मिड-डे मील को स्कूलों से बंद किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर विभाग बच्चों को खाना देना ही चाहता है तो इसे पाक्षिक या मासिक तौर पर वितरित किया जा सकता है। इस मांग को लेकर संबंधित अधिकारियों को छात्रों व अभिभावकों के हस्ताक्षरों से युक्त ज्ञापन सौंपा गया।
इस मौके पर सोमवीर कालोद, रामकिशन गुरेरा, कृष्ण मिरान, विनोद बिश्नोई, राधेश्याम वर्मा, मामलराम सरसाना, सतबीर नायक, सुरेंद्र, सत्यनारायण मिराण, रामफल भलकोट, सूरजभान, राजकुमार एहलान, विनोद जांगड़ा, सुनील नागल, नवीन और मंदीप उपस्थित थे।