बाइक चोरी और चोरी की गई बाइक को खदीरने वाले आरोपी पुलिस टीम के साथ।
हिसार। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने बाइक चोरी के मुख्य आरोपी और तीन खरीदारों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी डाबड़ा गांव निवासी नसीब की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गईं 12 बाइकों को भी बरामद कर लिया है। पूछताछ में आरोपी नसीब ने बताया कि वह मास्टर चाबी से मात्र 10 सेकंड में बाइक का लॉक खोलता और चोरी कर फरार हो जाता। पुलिस ने आरोपी नसीब के अलावा चोरी की बाइक खरीदने के आरोप में भिवानी के बहल निवासी हिमांशु, अमन और तोशाम के पवन को बुधवार अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
जांच अधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि 18 दिसंबर को सुरेंद्र ने शिकायत में बताया था कि उसने बाइक एक अस्पताल के बाहर खड़ी थी। कुछ देर बाद लौटा तो बाइक गायब मिली। पुलिस ने इस मामले में आरोपी नसीब को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि विभिन्न पुलिस थानों में उस पर चोरी के करीब 25 मामले दर्ज हैं। अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए वह मास्टर चाबी की मदद से बाइक चोरी करता और औने-पौने दामों में बेच देता। हिमांशु, अमन और पवन ने नसीब से चोरी की बाइक खरीदी थी। पुलिस ने नसीब और अन्य आरोपियों की निशानदेही पर डाबड़ा और बहल से चोरी की गईं 6-6 बाइक बरामद की हैं।