मरम्मत कार्य को लेकर 15 दिन बंद रहने वाले डाबड़ा आरओबी ने पहले ही दिन ट्रैफिक पुलिस व आम लोगों को पसीने छूूूटा दिए। 41 डिग्री से अधिक तापमान में लोग काफी देर तक जाम में फंसे रहे। प्रशासन की व्यवस्था पहले दिन ही फेल नजर आई।
डाबड़ा चौक से निरंकारी भवन रोड पर सुबह से ही लंबा जाम लगता रहा। इस मार्ग पर ट्रक और तेल के टैंकर भी आ पहुंचे। इस कारण सुबह जबर्दस्त जाम की स्थिति रही। ट्रैफिक पुलिस को जाम से निपटने के लिए पहले की गई ट्रैफिक प्लानिंग में भी फेरबदल करना पड़ा। निरंकारी भवन रोड को वन वे कर दिया गया। इसके बावजूद जाम से राहत नहीं मिल पाई।
आज क्या होगा हाल
जाम में फंसे शहर के लोगों के बीच चर्चा थी कि संडे के दिन इतना बड़ी लंबी वाहनों की कतारें व जाम। मंडे को तो और भी बुरा हाल हो जाएगा। ऑफिस में ड्यूटी पर जाने वाले एकदम घरों से निकलेंगे और पूरे शहर में जाम की स्थिति पैदा हो जाएगी। ठीक ऐसा ही हाल शाम पांच बजे छुट्टी के दौरान ये हाल होगा।
एक इंस्पेक्टर, 4 एएसआई, 10 कांस्टेबल से नहीं संभली स्थिति
डाबड़ा पुल 15 दिन तक बंद होने के चलते ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्ट करने के लिए व्यवस्था की हुई थी। जहां-जहां रूट डायवर्ट थे वहां-वहां पुलिस कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात थे। ट्रैफिक पुलिस का 15 लोगों का स्टाफ भी इस व्यवस्था को ठीक नहीं करवाया पाया।
हालांकि पुलिस ने खूब प्रयास किए, मगर व्यवस्था में कोई सुुधार नहीं हो पाया। खुद ट्रैफिक इंस्पेक्टर, 4 एएसआई व 10 कांस्टेबल रूट डायवर्ट के दौरान ड्यूटी दे रहे थे। मगर पूरा दिन मशक्कत के बाद भी इनसे स्थिति नहीं संभल पाई।
ये हैं जाम के कारण
डाबड़ा चौक से निरंकारी भवन रोड पर सड़क के दोनों तरफ अतिक्रमण है। डाबड़ा चौक से फाटक तक लोगों ने भारी अतिक्रमण किया हुआ है। नगर निगम को चाहिए कि कम से कम रूट डायवर्ट के दौरान यहां से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाए।
छोटी बातों का रखें ध्यान, बचें बड़े जाम से
- सड़क पर वाहन खड़ा न करें।
- दुकानों से बाहर सामान न रखें।
- वाहनों को कतार में रखें।
- भीड़ में वाहन न फंसाए।
निगम से अतिक्रमण हटाने की मांग
ट्रैफिक पुलिस ने रविवार को नगर निगम अधिकारियों को फोन कर इस रोड की स्थिति बताई है। उन्होंने निगम अधिकारियों से कहा कि कम से डाबड़ा पुल जब तक बंद है, तब तक यहां की दुकानों के आगे से अतिक्रमण हटाने का काम करवाया जाए। निगम अधिकारियों ने सोमवार से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने का आश्वासन दिया है।
वन वे किया निरंकारी रोड
ट्रैफिक पुलिस इंस्पेक्टर ने बताया कि निरंकारी भवन रोड को वन वे किया गया है। उधर दिल्ली की तरफ से शहर की ओर जाने वाले वाहनों को सेक्टर 16-17 वाले रोड से भेजा जा रहा है। इसके अलावा डाबड़ा चौक से पहले ही चावला अस्पताल रोड से सवारी गाड़ियों को डायवर्ट किया गया है।
मरम्मत का काम शुरू
डाबड़ा आरओबी बंद करने के पहले दिन ही पीडब्ल्यूडी बीएंडआर ने मरम्मत का काम शुरू कर दिया। अधिकारियों का दावा है कि वे इसे निर्धारित समय तक निपटा लेंगे।
पहले दिन जाम की स्थिति रही, जिसके तहत प्लानिंग में कुछ बदलाव करने पड़े हैं। सोमवार को कुछ और ड्यूटी स्टाफ बढ़ाया जाएगा।
- अतर सिंह सरोहा, इंस्पेक्टर ट्रैफिक पुलिस
यहां से होगा डायवर्जन
बस अड्डे से जिंदल चौक : बस अड्डे से जिंदल चौक की ओर जाने वाले वाहन पड़ाव चौक, मिलगेट रोड, सूर्यनगर फाटक का उपयोग करते हुए जिंदल चौक तक पहुंचेंगे।
कैंप चौक से जिंदल चौक
मटका चौक, कैंप चौक, सब्जी मंडी के वाहन चालक जिंदल चौक जाने के लिए पुरानी सब्जी मंडी ओवर ब्रिज का उपयोग कर महाबीर कॉलोनी, मिलगेट रोड, सूर्यनगर फाटक से जिंदल चौक पहुंचेंगे।
हांसी की ओर से बस अड्डे के लिए
हांसी, सातरोड, इंडस्ट्रियल एरिया, विद्युत नगर, मॉडल टाउन, सेक्टर 13, सेक्टर 16-17, सेक्टर 9-11 की ओर से बस अड्डे जाने के लिए साउथ बाईपास का प्रयोग करते हुए राजगढ़ रोड होते हुए बस अड्डे तक पहुंचेंगे।
अर्बन इस्टेट से बस अड्डा
डाबड़ा चौक, अर्बन इस्टेट, आसपास के एरिया के लोग शहर की ओर जाने के लिए आज से सेक्टर 16-17 वाला रूट पकड़ें। कार व बड़े वाहनों को अब निरंकारी भवन रोड की तरफ नहीं निकलने दिया जाएगा। केवल दुपहिया वाहन यहां से निकल सकते हैं। बस स्टैंड से डाबड़ा चौक या अर्बन इस्टेट की तरफ आ सकते हैं।