हिसार। फोन हैक कर महिला को ब्लैकमेल करते हुए साइबर ठगों ने 2.05 लाख रुपये ठग लिए। आरोप है कि ठगों ने पहले सोशल मीडिया ग्रुप में जोड़कर इनाम का लालच दिया, फिर लिंक भेजकर मोबाइल हैक कर लिया और फोटो एडिट कर वायरल करने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डोगरान मोहल्ला निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 15 फरवरी को उसके मोबाइल पर एक लिंक आया। लिंक पर क्लिक करते ही वह एक टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ गई। ग्रुप में ‘सैम लॉटरी’ नामक गेम के बारे में संदेश आ रहे थे, जिसमें शामिल होने पर गेम जीतने पर 10 हजार रुपये तक इनाम मिलने की बात कही गई थी। महिला ने गेम खेलना शुरू किया और खुद को विजेता बताया गया। उसे संदेश मिला कि जीती हुई राशि जल्द ही उसके खाते में जमा कर दी जाएगी।
इसके बाद टेलीग्राम पर दोबारा संदेश आया कि आगे खेलने पर 20 हजार रुपये का इनाम मिलेगा। महिला ने फिर गेम खेला और उसे दोबारा विजेता बताया गया। कुछ देर बाद एक और लिंक भेजा गया और कहा गया कि उस पर क्लिक कर आवश्यक विवरण भरने पर इनाम की राशि मिल जाएगी। जैसे ही महिला ने लिंक खोला, उसका फोन हैक हो गया। हालांकि कुछ समय बाद फोन सामान्य हो गया।
महिला का आरोप है कि इसके बाद टेलीग्राम पर संदेश आया कि उसके फोन का सारा डाटा ठगों के पास है। व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखने के लिए बताए गए बैंक खातों में रुपये जमा कराने को कहा गया। साथ ही उसकी कई फोटो एडिट कर भेजी गईं और वायरल करने की धमकी दी गई। डर के कारण महिला ने कई बार अलग-अलग खातों में रुपये ट्रांसफर कर दिए। इस तरह आरोपियों ने कुल 2.05 लाख रुपये ठग लिए।
जांच अधिकारी प्रदीप ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और ट्रांजेक्शन डिटेल के आधार पर जांच की जा रही है।