हिसार। स्वास्थ्य विभाग हिसार की ओर से आयोजित जोनल स्तरीय क्रिकेट खेल प्रतियोगिता में स्वास्थ्य विभाग फतेहाबाद की सीएसबी इलेवन ने खिताबी जीत हासिल की है। हिसार पुलिस लाइन खेल मैदान पर खेले गए फाइनल में फतेहाबाद की टीम ने सर्वेश पैंथर्स को 22 रन से हराकर ट्रॉफी जीती।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसबी इलेवन ने निर्धारित 15 ओवर में 9 विकेट खोकर 138 रन बनाए। टीम की ओर से एबी एबी डिविलियर्स ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों पर 54 रन (7 चौके, 2 छक्के) बनाए। कप्तान मेजर (डॉ.) शरद ने भी 28 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सर्वेश पैंथर्स की टीम सीएसबी इलेवन की सटीक गेंदबाजी के आगे निर्धारित ओवरों में 116 रन ही बना सकी। फतेहाबाद की ओर से प्रदीप सुथार ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में महज 6 रन देकर 3 विकेट चटकाए। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। जेडी झाझड़ा ने भी 2 विकेट झटके।
मैच के समापन पर मुख्य अतिथियों ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की गई। यह टूर्नामेंट हिसार स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित करवाया गया था। इसमें सिरसा, हांसी, फतेहाबाद व हिसार के सरकारी व निजी अस्पतालों की 16 टीमों ने भाग लिया था। सिविल सर्जन भट्टू टीम में कप्तान मेजर डॉ. शरद तुली, गुरदीप गौरा, सुरेंद्र, भगत सिंह, कुलदीप गुरुवान, जेडी झाझड़ा, प्रदीप सुथार, सोनू सहारण, मेशी भोड़िया, हरिकृष्ण, गोल्डी, सुभाष, खुशवंत व सुशील रहे।
सेमीफाइनल में डॉ. शरद का ऑलराउंड प्रदर्शन रहा
इससे पहले सेमीफाइनल मुकाबले में सीएसबी इलेवन ने एमएसजी लायंस सिरसा को 28 रन से पराजित किया था। उस मैच में कप्तान डॉ. शरद ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट हासिल किए थे। बल्लेबाजी में प्रदीप सुथार (44 रन) और गोरा (33 रन) की बदौलत टीम फाइनल तक पहुंची थी। इस टूर्नामेंट की जीत के साथ ही टीम के कप्तान मेजर (डॉ.) शरद ने अपने कॅरिअर के 1000 रन पूरे किए। उनकी इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और विभाग के अधिकारियों ने उन्हें बधाई दी।