गैंगेस्टर विनोद पानू उर्फ काना व उसके गुर्गे फोन पर लोगों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। विनोद काना ने हजकां नेता एवं पूर्व जिला अध्यक्ष गुलजार सिंह काहलो के भतीजे बिल्लू को मोबाइल फोन पर कॉल कर जान से मारने की धमकी दी है। इसके अलावा सेंट्रल जेल टू में बंद विनोद काना के गुर्गे ने बालसमंद के दिप्पी मर्डर केस के गवाह बद्री को धमकाया है।
दोनों मामलों की शिकायत पुलिस के पास है मगर फिलहाल कोई केस दर्ज नहीं किया है। एहतियात के तौर पर पुलिस ने दोनों की सुरक्षा बढ़ा दी है। मामले को लेकर पुलिस में भी खलबली मची हुई है।
सदर थाना एसएचओ से भी की बात
सिरसा रोड स्थित होटल का कारोबार संभालने वाले काहलो के भतीजे को फोन पर मिली धमकी के मामले में गैंगेस्टर विनोद पानू उर्फ काना ने सदर थाना एसएचओ से भी फोन पर बात की है। एसएचओ को कहा कि समझा लो वरना ठीक नहीं रहेगा। जब एसएचओ ने पूछा कि कहां हो तुम..., इस पर गैंगेस्टर को पुलिस का शक हो गया और उसने हैलो हैलो कर फोन काट दिया।
वॉयस के सैंपल भेजे लैब में
पुलिस प्रशासन में इस मामले को लेकर खलबली मची हुई। पुलिस ने जिस नंबर पर कॉल आई है उसकी रिकॉर्डिंग के वॉयस सैंपल लेकर जांच के लिए लैब में भेजे हैं। पुलिस यह जांच कर रही है कि यह आखिर पानू की ही आवाज थी या फिर पानू के नाम पर किसी और व्यक्ति की तो हरकत नहीं।
झांसी की आई लोकेशन
विनोद काना की लोकेशन उत्तर प्रदेश के झांसी शहर की आई है। पिछले कुछ महीनों से काना झांसी में ही छिपा हुआ है। इससे पहले उसका ठिकाना दिल्ली में था। पुलिस उसको पकड़ने के खूब प्रयास कर चुकी है मगर शातिर बदमाश पुलिस को हर बार गच्चा दे रहा है।
बद्री को मिली जेल से धमकी
बालसमंद के दिप्पी मर्डर केस के गवाह बद्री को भी जेल से धमकी मिली। फोन करने वाले ने कहा कि वह सेंट्रल जेल टू से बोल रहा है। गवाही दी तो जान से हाथ धोना पड़ेगा।
काना-अजीत थुराना की है दुश्मनी
विनोद काना व अजीत थुराना की आपस में दुश्मनी है। गैंगवार में कई युवकों की जान जा चुकी है। हालांकि अजीत पानू पकड़ा जा चुका है। पानू व थुराना एक दूसरे को जान से मारने की कसम खाए हुए हैं।
पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल के पीए को भी दी थी धमकी
विनोद पानू कई बार गवाहों को धमका चुका है। कोर्ट परिसर में भी इस गैंग के गुर्गों ने गोलियां चलाई थी। जिसमें एक की मौत हो चुकी है। मई 2015 में काना ने पूर्व मंत्री एवं कांग्रेसी नेता सावित्री जिंदल के पीए ललित शर्मा को भी फोन कर धमकी दी थी।
धमकी मिली है। वॉयस के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। मामले की जांच की जा रही है। - ललित कुमार, एसएचओ सदर थाना