कैंप चौक स्थित सैनी स्वीट्स के सामने से एक शातिर चोर हॉलैंड के एनआरआई की कार से डायमंड नेकलेस और तीन मोबाइल चोरी कर ले गया।
एनआरआई अपनी पत्नी और छोटी बेटी के साथ मिठाई की दुकान से खरीदारी करने के लिए गाड़ी से उतरकर आए थे। जैसे ही वे दुकान के अंदर घुसे चंद सेकेंड में चोर ने गाड़ी की पिछली सीट पर रखा पर्स उठा लिया।
पर्स में कीमती गहने और महंगे मोबाइल थे। पूरा मामला हालांकि सीसीटीवी में कैद हो गया। युवक ने बड़े ही शातिर अंदाज में चोरी की और बेखौफ कुछ सेकेंड इधर-उधर देखता रहा और मौका पाकर वह वहां से फरार हो गया। मामले की शिकायत उन्होंने पुलिस को दी है।
पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है।
शिकायत में एनआरआई नवीन कुमार महता ने बताया कि वह सिरसा के सेक्टर 20 से आया था। उसे हिसार स्थित सेक्टर 16 में भगवानदास गुलाटी के घर जाना था। रिश्तेदार के यहां जाने से पहले उन्होंने कैंप चौक पर मिठाई खरीदने के लिए गाड़ी रुकवा ली।
वे पत्नी और बच्ची सहित तीनों गाड़ी से उतरकर सैनी स्वीट्स के अंदर चले गए। गाड़ी में उनका ड्राइवर सुरजीत बैठा रहा। इसी दौरान एक शातिर युवक ने उनकी गाड़ी की पिछली सीट पर रखा उसकी पत्नी का पर्स चोरी कर लिया।
पर्स में करीब एक से सवा लाख कीमत का डायमंड नेकलेस था और इतनी ही कीमत के तीन महंगे मोबाइल थे। वारदात करने वाले ने इतनी सफाई से वारदात को अंजाम दिया कि चालक को भी पता नहीं चल सका।
पूरा मामला सीसीटीवी में कैद हो गया। मामले की सूचना फिर उन्होंने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी, मगर चोर वहां से फरार हो चुका था।
17-18 साल का युवक दिख रहा है चोर
युवक ने वारदात ठीक 12 बजकर 41 मिनट पर की। युवक नीले कलर की शर्ट और कॉफी कलर की पेंट पहनी हुई है। उसके पांवों में स्पोर्ट्स जूते थे।
वारदात के दौरान वह मेन रोड की तरफ से आया। चंद सेकेंड में बैग उड़ाया और बैग को दायीं बगल में दबाकर सैनी स्वीट्स के सामने आकर खड़ा हो गया। कुछ सेकेंड वहां खड़ा होकर वह इधर-उधर देखता रहा और फिर वहां से निकल गया।