खरड़ गांव में देर शाम बदमाशों ने हत्या के प्रयास मामले में गवाह एक व्यक्ति की गोली मार कर हत्या कर दी। बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने दो राउंड फायर किए।
गोली लगने से व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर सदर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और मुआयना किया।
जानकारी के अनुसार गांव खरड निवासी संदीप सोमवार शाम अपने घर के बाहर खड़ा था। अचानक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश युवक वहां आए।
इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता बाइक सवार युवकों ने पिस्तौल निकालकर संदीप पर फायर कर दिए। हमलावरों ने दो फायर किए। एक गोली संदीप को लगी, जिसके चलते संदीप की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं वारदात की जानकारी मिलने पर सदर थाना प्रभारी ललित मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।
शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
13 जुलाई को हुई थी वारदात
सदर थाना में 13 जुलाई को गांव खरड अलीपुर निवासी सत्यदीप ने शिकायत दी थी। उसने बताया था कि 12 जुलाई की रात करीब साढ़े 9 बजे उसके दोस्त राजेश तथा उस पर गांव के ही करीब सात आठ लोगों ने जानलेवा हमला किया था।
कुछ हमलावरों ने दोनों पर फायर कर हत्या का प्रयास किया। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में विकास, अजय, कृष्ण, मोदी, दिल्लू, मोलड पर हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया था।
पुलिस ने उस समय इस मामले को अवैध शराब के कारोबार से जोड़कर देखा था। संदीप इस मामले में गवाह था। पुलिस इस मामले को गवाही के केस से जोड़कर देख रही है।
खरड गांव में संदीप की गोली मारकर हत्या की गई है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सुबूत जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। संदीप हत्या के एक मामले में गवाह भी था। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही है। हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।
- ललित कुमार, सदर थाना प्रभारी, हिसार