क्षेत्र के गांव में एक दलित महिला जब खेत में काम कर रही थी तो एक युवक ने उसके साथ छेड़खानी करनी शुरू कर दी। इस पर महिला ने आरोपी पर दराती चला खुद को बचाने का प्रयास किया। इस पर आरोपी युवक ने महिला पर पिस्तौल से दो गोलियां चलाईं, जिससे महिला के सीने पर लगीं।
बाद में महिला को अग्रोहा खानपुर रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर दोनों गोलियां बाहर निकालीं। अब महिला की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस ने महिला के बयान पर आरोपी के खिलाफ छेड़खानी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
40 वर्षीय महिला गांव के ही किसान के खेत में काम करने के लिए गई हुई थी। गांव का ही युवक प्रदीप कुमार मोटरसाइकिल पर महिला के पास खेत में पहुंचा। उसके साथ अश्लील बातें और छेड़खानी करने लगा। महिला के विरोध करने के बावजूद आरोपी बाज नहीं आया और उसने महिला को जबरदस्ती पकड़ लिया।
महिला ने दराती से वार कर अपने आपको उसके चंगुल से छुड़ाया। इतने में ही आरोपी प्रदीप ने एक पिस्तौल निकाली। उसने महिला की छाती और कंधे में दो गोलियां चला दीं और मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार हो गया।
गोली चलने की आवाज सुनकर पास के ही खेत में काम कर रही अन्य महिलाएं मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल महिला को उसके घर पहुंचाया। महिला के परिजन उसको हिसार के सामान्य अस्पताल में लेकर पहुंचे। महिला की गंभीर अवस्था को देखते हुए उसको अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया। पुलिस ने महिला के बयान पर कोथ कलां निवासी प्रदीप के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
महिला के बयान पर कोथ कलां निवासी प्रदीप के खिलाफ हत्या प्रयास और छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। आरोपी को पकड़ने के लिए उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई, लेकिन अभी तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
रणबीर सिंह, चौकी प्रभारी मिर्चपुर रणबीर सिंह, चौकी प्रभारी मिर्चपुर
मेडिकल के सर्जरी विभाग की चिकित्सकों की टीम ने महिला के शरीर से ऑपरेशन के दौरान दो गालियां निकाली हैं। अब महिला की हालत खतरे से बाहर है।
डा. राकेश शर्मा, सीएमओ अग्रोहा मेडिकल कॉलेज