आढ़ती से एक लाख रुपये रिश्वत लेने के आरोपों की जांच में पुष्टि के बाद आदमपुर थाना प्रभारी अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर जयभगवान और एक हवलदार मंगलवार को सस्पेंड कर दिया गया।
जयभगवान को एक अक्तूबर को रिश्वत के आरोप लगने के बाद लाइन हाजिर कर दिया गया था। एसपी सतेंद्र कुमार गुप्ता ने दोनों के निलंबन की पुष्टि करते हुए कहा कि डीएसपी भगवानदास की जांच रिपोर्ट में आरोप साबित होने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
जयभगवान 30 सितंबर तक थाना आदमपुर में प्रभारी थे। उन पर मंडी आदमपुर के आढ़ती मुकेश कुमार गोयल ने एक लाख रुपये घूस लेने का आरोप लगाया।
आढ़ती का कहना था कि 31 अगस्त को जयभगवान उसकी दुकान पर आए और सट्टेबाजी के आरोप लगाते हुए उसके छोटे भाई रवि गोयल समेत पांच को गिरफ्तार कर ले गए। बाद में एक लाख रुपये लेकर पांचों को छोड़ दिया गया। एसपी ने जयभगवान को लाइन हाजिर करते हुए मामले की जांच डीएसपी हैड क्वार्टर भगवानदास को सौंपी थी।