क्षेत्र के एक गांव में डेरा संचालक द्वारा आठ वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में बच्ची की मां की शिकायत पर बाबा राजू नाथ डेरा के संचालक बाबा फूलनाथ के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश आरंभ कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में बच्ची की मां ने बताया कि उसकी बेटी घर के समीप पड़ोस के बच्चों के साथ खेल रही थी। खेलतेे-खेलते बच्चे डेरे में जा पहुंचे। डेरे में पहुंचने पर बाबा फूलनाथ ने अन्य बच्चों को बाहर भेज दिया, जबकि उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दे डाला।
पीड़िता की मां का कहना है कि बच्ची ने घर आकर उसे आपबीती सुनाई। इसके बाद जब परिजन एकत्रित होकर बाबा फूलनाथ के पास गए तो वह माफी मांगने लगा और कहा कि मुझसे गलती हो गई, मुझे माफ कर दो। वहीं इस संबंध में डीएसपी नरेंद्र कादियान ने बताया कि बाबा की गिरफ्तारी को लेकर बुधवार को छापामार कार्रवाई भी की गई थी, लेकिन बाबा पहले ही वहां से भाग चुका था।
नाबालिग से दुष्कर्म के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार
वहीं क्षेत्र के एक अन्य गांव में भी एक नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म करने के मामले में सदर पुलिस ने गांव के ही मनोज नामक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया था कि 31 जुलाई की शाम को वह घर पर अकेली थी, इस दौरान मनोज उसके घर में घुस आया।
इस दौरान मनोज ने उसके साथ जबरदस्ती की व उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। इसके अलावा मनोज ने उस पर हमला कर घायल भी कर दिया व किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर चला गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है।