लाइनपार स्थित बाबा रामदेव मंदिर के पास गली में घर के बाहर बैठे जवाहर नगर निवासी 20 वर्षीय बबलू ग्रोवर की नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। मामले की सूचना मिलते ही आदमपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार मौके पर पहुंचे और बदमाशों की धरपकड़ के लिए नाकाबंदी कर दी।
रवि उर्फ बबलू ग्रोवर 23 दिसंबर 2014 को हुुए जिला पार्षद ईश्वर सिंह बगला के हत्याकांड में नामजद था। बबलू अदालत से जमानत पर आया हुआ था।
मृतक रवि उर्फ बबलू के भाई राहुल ग्रोवर ने बताया कि उसका भाई बबलू अपने दोस्त साहिल खान के साथ घर के पास गली में नुक्कड़ पर बैठा था। रात करीब 9 बजे चार नकाबपोश युवक आए और ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी।
गोलियां बरसाकर बदमाश मौके से फरार हो गए। चिकित्सकों के मुताबिक बबलू के चार गोली लगी, जिनमें एक सिर के पीछे लगी है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बबलू को अग्रोहा मेडिकल रेफर कर दिया, जहां बबलू ने दम तोड़ दिया। पुलिस को गोली मारने का कारण अभी पता नहीं लग पाया है।
हिसार कोर्ट में तारीख पर गया था बबलू
लाइनपार निवासी रवि उर्फ बबलू ग्रोवर 23 दिसंबर 2014 को हुए जिला पार्षद ईश्वर सिंह बगला के हत्याकांड में नामजद था। बबलू अदालत से जमानत पर आया हुआ था। शुक्रवार को अदालत में तारीख पर बबलू हिसार भी गया था।