गांव पीरांवाली में एक व्यक्ति ने पांच बेटियों के बाद भी बेटा पैदा नहीं हुआ तो पत्नी पर डंडों से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। मौके पर मौजूद मासूम तीनों बेटियां चिल्लाती बिलखती रहीं मगर पिता उनकी मां के सिर पर डंडे से वार पर वार करता रहा। वह तब तक उसे मारता रहा जब तक वह बेहोश होकर नीचे नहीं गिर गई। 30 वर्षीय महिला सुनीता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद महिला का पति बलविंद्र मौके से फरार हो गया। मामले के बारे में सुनीता के ससुर जीत सिंह ने महिला के मायके व पुलिस को फोन कर सूचना दी। पुलिस ने महिला के पिता रानियां निवासी सरजीत सिंह की शिकायत पर मर्डर का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
पांच बेटियां हुईं थीं, दो मर गईं
मृतक सुनीता के पिता सरजीत सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि बलविंद्र सिंह शराब पीता है। उसकी बेटी ने पांच बेटियों को जन्म दिया था, जिनमें से दो की मौत हो चुकी है। बार बार बेटियां होने की वजह से वह उससे शराब पीकर अक्सर मारपीट करता था। पहले भी कई बार इस मामले को लेकर पंचायत हो चुकी है। उन्होंने बलविंद्र के साथ सुनीता की करीब 12 साल पहले शादी की थी। उन्होंने बताया कि दो साल पहले तो बेटे की चाह रखने वाले बलविंद्र सिंह ने सुनीता की टांग तोड़ दी थी।
डैडी ने मांगे थे 100 रुपये, देने के बाद भी कर दिया हमला
मासूम सुमन ने बताया है कि उसकी मम्मी सुनीता सुबह बाहर से दूूध लेकर आई थी। वे आते ही चाय बनाने लगीं। पिता ने उससे पहले शराब के लिए 100 रुपये मांगे थे। मम्मी की डैडी से बहस हो गई थी। बाद में मम्मी ने उन्हें 100 रुपये दे दिए और कपड़े बदलकर कपास चुगाई के लिए मजदूरी पर जाने वाली थी। इससे पहले वे चाय बनाने लगी। इसी दौरान डैडी ने उनके पीछे से सिर पर डंडे से वार कर दिए।
सुबह भाई के पास आई थी कॉल
भाई हरदीप ने बताया कि सुबह 9 बजकर 13 मिनट पर सुुनीता के ससुर जीत सिंह की कॉल आई थी। उन्होंने कहा कि सुनीता को बलविंद्र ने मार दिया और वह मौके से भाग गया। हरदीप का कहना है कि सुनीता की फिलहाल तीन बेटियां हैं। सबसे बड़ी बेटी 10 साल की काजल, 6 साल की सुमन व 4 साल की हरप्रीत है। उन्होंने कहा कि अब तीनों मासूमों के सिर से मां का साया उठ गया। पिता को अब जेल काटनी पड़ेगी।
सुनीता को पांच बेटियां हुई थीं। पति उसे बेटा होने की चाह में प्रताड़ित करता था। पिता ने बयान दिए हैं कि इसी मामले को लेकर बलविंद्र ने सुनीता का मर्डर कर दिया। पुलिस ने पति के खिलाफ मर्डर का केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
- जगबीर, इंस्पेक्टर सदर थाना