मामले में अग्रोहा थाना पुलिस ने बताया कि आशीष के फतेहाबाद निवासी मौसा शाम को जब घटना स्थल पर पहुंचे तो उसके शव को फंदे से उतारा गया। इसके बाद देर शाम आशीष के माता-पिता भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के शवगृह में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है। पोस्टमार्टम मंगलवार को होगा।
आशीष के रूममेट ने बताया कि सोमवार को प्रैक्टिकल एग्जाम था। आशीष ने उसे यह कहकर भेज दिया कि तू चल मैं अभी आता हूं लेकिन वह एग्जाम देने नहीं आया। रूममेट ने बताया कि उसने इस बारे में प्रोफेसर को भी बताया। वापस आकर रूम में देखा तो आशीष फंदे पर लटका था।
कमरे से बरामद हुआ सुसाइड नोट
पुलिस ने कमरे की तलाशी ली तो वहां से डेढ़ पेज का एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। इस सुसाइड नोट में लिखा हुआ है कि वह जीवन से निराश है। बस जिये जा रहा है। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लिया है। पुलिस का कहना है कि हैंडराइटिंग का मिलान किया जाएगा। दूसरी ओर आशीष के रूममेट ने भी बताया कि आशीष कुछ समय से मानसिक तनाव में था।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद आशीष के दोस्तों ने बताया कि वह अपने बैच का टॉपर था। उसके दो ही शौक थे। पेंटिंग्स बनाना और कविताएं लिखना। वह हॉरर पेंटिंग बनाता था और दर्द भरी कविताएं लिखता था। अपनी कविताएं अकसर वह सोशल मीडिया पर पोस्ट करता था। जब भी परेशान होता तो पेंटिंग बनाकर अपनी परेशानी जाहिर करता था।
सूचना मिलते ही हमने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है। शव को शवगृह में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है। मृतक के कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। अभी जांच की जा रही है। - इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह, अग्रोहा थाना प्रभारी, हिसार।