हिसार। नई सब्जी मंडी का वह स्थान जहां मेला ग्राउंड सेक्टर की 62 वर्षीय महिला विद्या देवी से लूट की वारदात हुई। इनसेट में पीड़ित महिला।
- फोटो : bureau
मेला ग्राउंड सेक्टर की 62 वर्षीय महिला विद्या देवी को एक अनजान युवक से बाइक पर लिफ्ट लेना काफी महंगा पड़ गया। बाइकर चाकू की नोक पर बुजुर्ग महिला से सोने के जेवर लूट ले गया। सिटी थाना पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
मेला ग्राउंड सेक्टर निवासी बलवंत सिंह कुछ अरसे पहले एचएयू से रिटायर हुए थे। उनका परिवार मेला ग्राउंड सेक्टर में रहता है। बलवंत सिंह की पत्नी विद्या देवी शुक्रवार सुबह साढे़ आठ बजे थैला लेेकर पैदल घर से नई सब्जी मंडी से सब्जी खरीदने निकली थी।
घर से कुछ दूर जाने पर बाइक पर एक अनजान युवक पीछे से आया और बोला आंटी नमस्ते। इस पर महिला ने नमस्ते स्वीकार की। फिर युवक बोला आओ आंटी मैं आपको छोड़ देता हूं, महिला ने उसे बताया था कि वह सब्जी मंडी में जा रही है। परिजनों ने बताया कि युवक मंडी के गेट में घुसने के बाद बाइक को तेज स्पीड में दौड़ाता हुआ मंडी के पिछवाड़े सुनसान जगह पर ले गया और उसने वहां चाकू की नोक पर डराकर महिला के आभूषण लूट लिए। वारदात के बाद लुटेरा फरार हो गया। बाद में महिला बिना सब्जी खरीदे रोती हुई घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। उसके बाद पुलिस को शिकायत दी। सिटी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
फुटेज खंगाल रही पुलिस
इस मामले के बाद पुलिस आसपास के एरिया में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। युवक एमजीए की तरफ से आया था। बदमाश युवक बुजुर्ग को बैठाकर न्यू सब्जीमंडी में गेट नंबर एक से लेकर अंदर गया था। हैरान की बात है सब्जी मंडी चौकी से 200 मीटर दूरी पर ही महिला को लूट लिया गया।
की गई है रेकी
परिजनों ने बताया कि बदमाश ने पहले रेकी की थी। वह उनके बारे में अच्छी जानकारी रखता है। युवक ने आते ही बुजुर्ग के गुरु जी का नाम लेकर नमस्ते की। महिला ने सोचा की यह तो गुरु जी को मानने वाला कोई गुरु प्रेमी है इसलिए उसने उस पर विश्वास कर लिया और लिफ्ट ले ली।
सब्जीमंडी में लगाए जाएं कैमरे
सेक्टर मेला ग्राउंड की एसोसिएशन ने सब्जीमंडी एरिया व सेक्टर के चारों गेटों पर सीसीटीवी लगाए जाने की मांग की है। एमजीए आरडब्लयूए के प्रेस प्रवक्ता विनोद तोशावड़ ने कहा है कि बदमाश ने कोई नकाब नहीं पहना हुआ था अगर सीसीटीवी होता तो उसका चेहरा पहचान में आ जाता और बदमाश पकड़ में आ सकता था।