अति संवेदनशील गांव भगाना में वीरवार को दो गुटों में झगड़ा हो गया। झगड़े में एक पक्ष के दो युवक घायल हो गए। घायलों को उपचार के शहर के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
झगड़े के बाद से गांव में तनाव का माहौल है। दोनों गुट के लोग इस विवाद को अलग-अलग ढंग से जोड़कर बता रही है। एक गुट का आरोप है कि दूसरे गुट ने पुरानी रंजिश के चलते उन पर हमला किया है, जिसमें चुनावी मैदान में खड़े सरपंच उम्मीदवार का भी हाथ है, जबकि दूसरे गुट का आरोप है कि दबंग परिवार के लोग गांव के ही एक नामी बदमाश के साथी हैं।
वे गांव में बदमाशी कर दहशत फैलाने के चलते ऐसा कर रहे हैं। आरोप है कि विवाद के चलते पुलिस समझौता करने का दबाव बना रही है। हालांकि देर शाम तक दोनों पक्ष समझौते से इन्कार करते रहे। कैंट चौकी पुलिस दोपहर से ही समझौता हो गया की बात कहती रही।
एक पक्ष का आरोप
अस्पताल में उपचाराधीन घायल युवकों ने आरोप लगाया कि गांव भगाना में साइकिल वाले का करतब देखने गए उनके चाचा के लड़के के साथ आरोपी ने मारपीट की।
मारपीट की जानकारी मिलने पर दोनों दलित बस्ती में उसके घर पहुंचे। उन्होंने आरोपी युवक के परिजनों से बातचीत करनी चाही। आरोप है कि रोहित और उसके परिवार के लोगों ने डंडों से मारपीट की। परिवार के करीब 25 से 30 लोगों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने दीपक की सोने की चेन भी तोड़ ली।
दूसरे पक्ष का आरोप
दूसरे पक्ष के युवक ने आरोप लगाया कि दबंग परिवार के लोगों ने साइकिल का करतब देख रहे उनके परिवार के बच्चे सोनू के साथ मारपीट की।
जब उनका विरोध किया तो डंडे लेकर 15 से 20 लड़के उनके घर में घुस गए। गांव के लोगों ने बीच-बचाव कर बड़ी मुश्किल से उन्हें बचाया। युवक ने आरोप लगाया कि गांव के ही एक नामी बदमाश के ये युवक साथी हैं। ये गांव में बदमाशी कर दहशत फैलाना चाहते हैं। मामले की शिकायत उन्होंने रात को ही पुलिस को दे दी थी।
किसी हालात में नहीं होगा समझौता, दिलवाऊंगा सजा
घायल का कहना है कि उन्होंने कोई समझौता नहीं किया है, वे किसी भी हालात में समझौता नहीं करेंगे। वे मारपीट करने वालों को सजा दिलवाएंगे। युवक ने आरोप लगाया कि एक विशेष समुदाय के लोग ऐसे युवकों को टारगेट कर रहे हैं, जो नौकरी के फॉर्म भरते हैं या नौकरी लगने की तैयारी कर रहे हों।
मामूली चोटें हैं, दोनों पक्षों में बातचीत चल रही है। लिखित में शिकायत दी जाएगी तो मामला दर्ज कर लिया जाएगा। फिलहाल गांव में शांतिपूर्ण माहौल है। - ललित कुमार, इंस्पेक्टर, सदर थाना हिसार