रोडवेज चेकिंग टीम की प्राइवेट वाहनों के साथ झड़प रुकने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को जीएम चेकिंग टीम द्वारा जब एक निजी वाहन को पकड़ने की कोशिश की गई तो वाहन चालकों ने सब इंस्पेक्टर का ही अपहरण कर लिया। सब इंस्पेक्टर को गाड़ी में डालकर वे गांव टोकस पातन की तरफ भाग निकले। टीम सदस्यों ने गांव टोकस पातन के सरपंच के पास इस बारे फोन कर दिया। ग्रामीणों के साथ मिलकर बस स्टैंड पर सरपंच ने अपहरणकर्ताओं की गाड़ी रुकवा ली। इसके बाद सब इंस्पेक्टर को छुड़वाया गया।
जीएम चेकिंग टीम ने सिवानी से अवैध रूप से सवारियां लेकर आ रहे एक निजी वाहन को रोकने की कोशिश की। घटना सुबह 10 बजे के करीब की है। लेकिन निजी वाहन चालक ने गाड़ी को रोकने की बजाय आर्य नगर की ओर मोड़ दिया। जीएम टीम ने जब गाड़ी का पीछा किया, तो निजी वाहन चालक सवारियों से भरी गाड़ी को गांव टोकस-पातन की ढाणियों की ओर ले गया। जहां पर सड़क पर मिट्टी अधिक होने के कारण जीएम टीम वहीं रुक गई। इस पर चेकिंग टीम के सब इंस्पेक्टर विजय कुुमार ने दौड़कर गाड़ी का पीछा करने की कोशिश की तो गाड़ी के ड्राइवर के साथ बैठे दो अन्य लोगों ने पीछा कर रहे विजय कुमार को गाड़ी में खींच लिया। और गाड़ी को भगाने का प्रयास किया।
चेकिंग टीम के अन्य सदस्यों ने जब भागकर गाड़ी को रोकने का प्रयास किया तो गाड़ी चालक ने चेकिंग टीम के साथ हाथापाई की और भागने का प्रयास किया। इसके बाद चेकिंग टीम के एक सदस्य ने टोकस-पातन के सरपंच को फोन किया। सरपंच ने गांववासियों को एकत्रित कर गाड़ी को रुकवाया तथा सब इंस्पेक्टर विजय कुमार को गाड़ी चालकों से आजाद करवाया। रोडवेज चेकिंग टीम ने निजी वाहन चालक के खिलाफ सदर थाना में शिकायत दर्ज करवा दी है।
सवारियां गिरीं नीचे
निजी वाहन चालक ने जब गाड़ी को टोकस-पातन की ढाणियों की ओर भगाने का प्रयास किया तो इस दौरान गाड़ी में काफी संख्या में यात्री थे। तेज गति में गाड़ी भगाने के कारण गाड़ी में से दो-तीन यात्री नीचे गिर पड़े। लेकिन रास्ता कच्चा होने के कारण कोई घायल नहीं हुआ। सवारियां गाड़ी चालक को गाड़ी रुकवाने के लिए खूब चिल्लाती रहीं, लेकिन चालक नहीं माना।
आरोप : 100 नंबर पर फोन करने पर नहीं पहुंची पुलिस
सब इंस्पेक्टर विजय कुमार का अपहरण कर जब निजी वाहन चालक गाड़ी भगाने का प्रयास कर रहे थे, तब चेकिंग टीम के एक सदस्य ने गांव टोकस-पातन के सरपंच को फोन कर इसकी सूचना दी। इस पर टोकस-पातन के सरपंच ने ग्रामवासियों को एकत्रित कर जब पुलिस को फोन किया तो पुलिस समय पर नहीं पहुंच पाई। इस पर गांववासियों ने हिम्मत दिखाते हुए गाड़ी को रोककर विजय कुमार को गाड़ी चालकों से छुड़वाया।
अवैध रूप से सवारियां ढो रहे निजी वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा दी गई है। पुलिस उनको पकड़ने का प्रयास कर रही है।
- जितेंद्र यादव, टीएम, हिसार डिपो