फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

व्यापारी को चिट्ठी भेज मांगी 4 लाख की चौथ

Sun, 20 Mar 2016 01:17 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, हिसार
विज्ञापन
व्यापारी को चिट्ठी भेज मांगी 4 लाख की चौथ - फोटो : bureau
विज्ञापन
कांच एवं एल्यूमीनियम व्यापारी को चिट्ठी भेजकर चार लाख रुपये की चौथ मांगे जाने का मामला प्रकाश में आया है। व्यापारी संदीप जैन ने सिटी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवा दी है। संदीप जैन ने बताया कि उसकी ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के नजदीक संदीप ग्लास एंड एल्यूमीनियम के नाम से दुकान है।
विज्ञापन


किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी दुकान के शटर के नीचे से एक डिब्बी डालकर उससे चौथ मांगी है। व्यापारी ने बताया कि सुबह जब वह दुकान पर गया तो शटर उठाने के बाद उसे अंदर एक डिब्बी मिली। डिब्बी पर लिखा था अकेले ही खोलना, अकेले ही देखना, अकेले ही पढ़ना।

इसके अंदर बाकायदा पैकिंग कर लाल रंग के पेन से हाथ द्वारा लिखी हुई चिट्ठी रखी हुई थी। इस चिट्ठी में दो दिन के भीतर चार लाख रुपये देने की मांग की गई है। रुपये नहीं देने या फिर पुलिस को बताने पर गोली मारने की धमकी दी गई है। यह भी धमकी दी कि अगर चालाकी की गई तो वह अपनी बीवी और बेटी से कभी नहीं मिल पाएगा। संदीप जैन के साथ सिटी थाना पहुंचे व्यापारी नेता प्रवीन तायल ने पुलिस से मांग की है कि चिट्ठी भेजने वालों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए।
विज्ञापन


सिटी थाना प्रभारी प्रह्लाद राय ने बताया कि उन्होंने मौके का मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस इस मामले में कई एंगल से काम कर रही है। जल्द ही इसका पटाक्षेप कर दिया जाएगा।

यह लिखा चिट्ठी में
चिट्ठी कॉपी के पन्ने पर लाल पेन से लिखी गई है। चिट्ठी में सबसे ऊपर लिखा है, सोच ले चार लाख रुपये देने हैं या जान देनी। आगे लिखा है कि चार लाख रुपये चाहिए। अब मेरी एक बात ध्यान से पढ़ ले और सुन ले। संदीप जैन तेरे पास दो दिन का टाइम है। शनिवार की रात को 9 बजे सिसाय पुल से लालपुरा रोड पर समाधा मंदिर के आगे तुम्हें हमारा आदमी खड़ा मिलेगा, जो मुंह पर कपड़ा बांधे होगा।

तुम अपनी बाइक पर अकेले ही आना और उसे पैसे देकर वापस चले जाना। कोई चालाकी या पुलिस में जाने की कोशिश की तो तुम्हें वहीं गोली मार दी जाएगी। अगर तुमने हमको पकड़वाने की या कोई चालाकी करने की कोशिश की तो तुम नाकामयाब होंगे, क्योंकि तुम्हें न ही ये पता है कि हम कौन है, कहां से आते हैं, कहां जाते हैं, कहां रहते हैं, लेकिन हमें तुम्हारा पूरा पता ठिकाना है।

दो दिन के अंदर हमारा ये काम हो जाना चाहिए। नहीं तो तुम अपनी बीवी और बेटी से कभी नहीं मिल पाओगे। अगर तुमने हमारा ये काम जल्द ही कर दिया तो हमारा आपसे यह वादा है कि हम तुम्हें कभी परेशान नहीं करेंगे, अगर तुमने हमें पैसे नकली देने की कोशिश की तो हम तुम्हारी दुकान को जलाकर राख कर देंगे।

एक बार फिर कोई चालाकी नहीं, अकेले आना, अकेले जाना। सिसाय पुल से लालपुरा रोड पर समाधा मंदिर के आगे तुम्हें हमारा आदमी खड़ा मिलेगा। उसे पैसे देकर चले जाना, पैसे पूरे होने चाहिए। जय पीर बाबा की। सिर्फ चार लाख रुपये।
मि. गुज्जर।

हैंड राइटिंग एक्सपर्ट से ली जा रही है राय
चिट्ठी दिखाकर हैंड राइटिंग एक्सपर्ट से राय ली जा रही है। सूत्र बताते हैं कि एक्सपर्ट की राय में ये लिखाई किसी पढ़े-लिखे व्यक्ति की हो सकती है। चूंकि लिखाई में व्याकरण की गल्तियां नहीं हैं, लिहाजा यह माना जा रहा है कि किसी शातिर का काम है। चूंकि चिट्ठी में संदीप की पत्नी और लड़की जिक्र किया गया है, लिहाजा चिट्ठी लिखने वाला संदीप जैन के परिवार को भी जानता है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें