हिसार के बालसमंद क्षेत्र में चोर पिछले दिनों से काफी सक्रिय है। एक के बाद एक रोजाना चोरी के नए नए मामले सामने आ रहे हैं। शनिवार रात को गोरछी गांव के मुख्य चौक से दो घरों से चोरी हो गई। चोरो ने देर रात को जोगिंद्र के घर से 20 तोले सोना और अजित के घर से 10 तोले सोना और एक लाख 50 हजार रुपये चोरी कर लिए। घटना की सूचना पर बालसमंद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
गोरछी निवासी जोगेंद्र ने बताया कि सुबह जब वे उठे तो घर में अलमारी का ताला टूटा हुआ था। सारा सामान बिखरा पड़ा था। घर से करीब 20 तोले सोना अज्ञात चोर चुरा कर ले गए थे। पड़ोसी अजित के घर में अजित की माता सोई हुई थी। अचानक कुछ आहट से उनकी नींद खुली तो उन्होंने शोर मचाया और पीछे भागी तो तीन लोग घर से निकलकर भाग गए। उनके घर से 10 तोले सोना और करीब डेढ़ लाख रुपये की नगदी चोरी हो गई। सूचना पर बालसमंद चौकी प्रभारी सौरभ सिंह मौके पर जांच के लिए पहुंचे। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट, डीएसपी नारायण सिंह और सीआईए टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।
बीते दिनों बालसमंद क्षेत्र में ये चोरिया हुई
- बालसमंद में बाइक चोरी
- सीसवाला से कृष्ण गुरी की भैंस चोरी
- सीसवाला से धर्मपाल के खेत से सोलर प्लेट चोरी
- गावड़ के रामप्रसाद के घर से 20 तोले सोना और साढ़े चार लाख की नकदी चोरी
- गावड़ के राजेश के घर से 10 तोले सोना, चांदी की चुटकी, पाजेब सहित एक किलो चांदी चोरी
- सुरेश के घर से 10 तोले सोना 50 हजार की नगदी चोरी
- गावड़ में रमेश के घर से 50 हजार रुपये की नगदी चोरी
- गोरछी से जोगेंद्र के घर से 20 तोले सोना और अजीत के घर से 10 तोले सोना डेढ़ लाख की नगदी चोरी