फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नशे का इंजेक्शन लगाकर कंटेनर में ले जा रहे थे पशु, दम घुटने से 31 की मौत, तस्कर गाड़ी छोड़कर फरार

Sat, 27 Aug 2016 12:44 AM IST
ब्यूरो / अमर उजाला, हिसार
विज्ञापन
हिसार। ग्रामीणों द्वारा पकड़ा गया पशु से भरा कंटेनर - फोटो : bureau
विज्ञापन
गांव पीरांवाली के पास गोवंश से भरे एक कंटेनर में दम घुटने से 31 गोवंश की मौत हो गई। वहीं पशुओं को कंटेनर में ले जा रहे तस्कर पीछा किए जाने की भनक लगने पर गाड़ी सहित इन मृत पशुओं को छोड़कर मौके से फरार हो गए। दरअसल सूचना और संदेह के आधार पर सीसवाल के कुछ युवकों ने वीरवार देर रात जाखोदा खेड़ा से यूपी नंबर के एक कंटेनर का पीछा करना शुरू कर दिया। तस्कर खतरा भांपकर पीरांवाली के रजबाहे के पास कंटेनर लावारिस हालत में छोड़ वहां से फरार हो गए। सीसवाल के गौ सेवकों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
विज्ञापन


पुलिस ने शुक्रवार तड़के कंटेनर कब्जे में लेकर उसमें से 31 मृत गौवंश बरामद किए। गौवंश के पैर रस्सी से बंधे थे और उन्हें ठूंस-ठूंसकर भर रखा गया था। वहीं मामले की सूचना पर सीसवाल, पीरांवाली, बीड़, न्योली समेत कई गांवों के ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने इस संबंध में गौवंश संवर्धन एवं संरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। इस मामले में जाखोद खेड़ा के कुछ युवक पुलिस के रडार पर हैं।

वीरवार देर रात मिली थी सूचना
सीसवाल गांव की गौशाला के गौ सेवक श्रवण कुमार ने बताया कि वीरवार देर रात इस बारे सूचना मिली थी। इस पर वह मेन रोड पहुंचे और निगरानी शुरू कर दी। यूपी के नंबर वाले कंटेनर को देखकर उन्होंने कई लोगों के साथ कंटेनर का पीछा करना शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि एक गाड़ी उनका पीछा कर रही थी। यह पता लगने पर वे पीरांवाली के नजदीक साइड में खड़े हो गए। वहीं तस्करों को भी उनकी भनक लग गई थी। उन्होंने कंटेनर पीरांवाली के रजबाहे के नजदीक एक तरफ रोक दिया और पैदल फरार हो गए। उन्होंने कहा कि गौवंश को लादकर ले जाने वालों के पास हथियार होने का अंदेशा था। इसी के चलते उन्होंने रात को पुलिस को सूचना दे दी थी।
विज्ञापन


शुक्रवार तड़के डीएसपी भगवान दास और सदर थाना एसएचओ जगबीर सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई शुरू की। कंटेनर से 31 मृत गौवंश बरामद हुए। ग्रामीणों का कहना था कि गौवंश को कोई नशीला इंजेक्शन लगाकर कंटेनर में लादा गया था और उनके पैर रस्सी से बांध रखे गए थे। गौ सेवकों की मदद से साउथ बाईपास के किनारे जमीन खोदकर गौवंश के शव मिट्टी में दबाए गए। पुलिस ने सीसवाल निवासी श्रवण की शिकायत पर अज्ञात पर मामला दर्ज किया है।

दम घुटने से हुई गोवंश की मौत
मोहब्बतपुर में तैनात पशु चिकित्सक देवेंद्र कुमार की टीम ने मृत गौवंश का घटनास्थल पर पोस्टमार्टम किया। डॉ. देवेंद्र कुमार ने बताया कि मृत गौवंश की मौत दम घुटने से हुई है। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इस बारे में जाखोद खेड़ा के कुछ युवकों पर शक जताते हुए कहा कि एक युवक सारे मामले का मास्टरमाइंड है। सदर थाना प्रभारी जगबीर सिंह ने बताया कि कंटेनर कब्जे में ले लिया गया है और पोस्टमार्टम के बाद 31 गौवंश के शवों को पीरांवाली के पास मिट्टी दे दी गई है। इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

पुलिस को मोबाइल कॉल डिटेल से उम्मीद
सदर थाना पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस का मानना है कि यूपी या मेवात के किसी गिरोह के यहां आसपास के गांव के लोगों से तार जुड़े हो सकते हैं। इसलिए पास के गांव के संदिग्ध लोगों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाली जा सकती है। पुलिस का मानना है कि यहां आने पर कंटेनर छोड़कर भागने वाले लोगों की स्थानीय शख्स से सांठगांठ है तो फोन पर बात जरूर हुई होगी।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें