ऑटो मार्केट और जिंदल पार्क के बीच मंगलवार शाम साढे़ सात बजे बाइक सवार तीन युवक शांतिनगर निवासी लेडी आर्किटेक्ट 25 वर्षीय सुप्रिया पंवार का बैग छीनकर फरार हो गए। युवती ने हिम्मत दिखाते हुए भाई के साथ एक्टिवा पर पीछाकर एक झपटमार को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने जहाजपुल से उसके दो और साथियों को काबू किया। वे नशेड़ी बताए गए हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
शांतिनगर की सुप्रिया पंवार ने बताया कि वह किसी काम से नोएडा गई थी। वह शाम को यहां बस अड्डे पर लौटी और भाई विशाल से फोन पर बात की। विशाल ने बताया कि वह एक्टिवा में ऑटो मार्केट में पंक्चर लगवा रहा है। वह ऑटो मार्केट पैदल आ जाए, फिर साथ घर चलेंगे। सुप्रिया हाथ में बैग लेकर पैदल आ रही थी। सिटी थाना मोड़ पर बाइक पर पीछे से आए तीनों युवक झपट्टा मारकर बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में सोने की एक चेन, 10 हजार रुपये, दो एटीएम कार्ड और जरूरी कागजात थे। शोर मचाने पर झपटमार पड़ाव चौक की तरफ बाइक दौड़ा ले गये। युवती ने भाई को फोन पर जानकारी दी और उन्होंने पीछा कर थोड़ी दूरी पर शांतिनगर के एक युवक को पकड़ लिया। पुलिस सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ के आधार पर दो और झपटमारों को पकड़ा। बताया जाता है कि वे नशेड़ी हैं। सिटी थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है।
एक झपटमार बोला, दीदी अंधेरे में पता नहीं चला आप हो
सिटी थाना में पुलिस पूछताछ में युवती की मौजूदगी में एक झपटमार बोला, दीदी अंधेरा था और पीछे से अहसास नहीं हुआ कि आप हो। हमने वारदात कर दी। यह झपटमार युवती की कॉलोनी का निकला। युवती ने वारदात के बाद अपना बैंक अकाउंट फ्रीज करा दिया था।
पीएलए पुलिया के पास महिला का पर्स छीना
हिसार। झपटमारी की दूसरी वारदात बुधवार को दिन में करीब डेढ़ बजे हुई। पीएलए की महिला लक्ष्मी पुलिया से पैदल कैंप चौक की तरफ जा रही थी। तभी पीछे से बाइक पर आए दो झपटमार पर्स छीनकर कैंप चौक की तरफ बाइक दौड़ा ले गये। पर्स में 1200 रुपये और एक मोबाइल फोन था। सिविल लाइन पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।