सेक्टर-14 के ढाबा संचालक राजेश ढांडा को ऋषि नगर सेक्टर मार्ग पर
बाइक सवार दो युवकों ने दिनदहाड़े पैर में गोली मारकर साढ़े तीन लाख रुपये
की नकदी लूटने का प्रयास किया।
लूट में असफल रहने के बाद लुटेरे युवक फरार
हो गए। गोली लगने से राजेश ढांडा गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने इस संबंध में
केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार न्योली कलां के 45 वर्षीय राजेश ढांडा सेक्टर 14 में रॉयल
ढाबा चलाते हैं। वह सोमवार दोपहर करीब तीन बजे रेड स्क्वेयर मार्केट स्थित
एचडीएफसी बैंक से साढे़ तीन लाख रुपये निकलवाकर नकदी डिक्की में रख स्कूटी
पर ढाबा के लिए चले थे।
वह जब ऋषिनगर सेक्टर 14 के कच्चे मार्ग पर पहुंचे
तो बाइक पर पीछे से आए दो युवकों ने उन्हें रुकवा लिया और पिस्तौल निकालकर
नकदी हवाले करने को कहा।
ढांडा पिस्तौल देख घबराए नहीं और वे दोनों युवकों
से भिड़ गए। झड़प होने पर कुछ लोगों का ध्यान उनकी तरफ हो गया। मंसूबे में
कामयाब न होते और खुद को फंसता देख बाइक सवार युवकों ने ढांडा की दाईं जांघ
पर गोली मार दी और फरार हो गए।
लहूलुहान हालत में खुद पहुंचे ढाबे पर
ढाबा संचालक जांघ में गोली लगने से लहूलुहान हो गए। वह इसके बावजूद स्कूटी
चलाकर अपने ढाबे पर पहुंचे और कारिंदों को वारदात से अवगत कराया।
बाद में
घायल को सिविल अस्पताल में ले जाया गया। तब तक बस स्टैंड चौकी इंचार्ज अजय
कुमार अत्री टीम समेत मौके पर पहुंच गए थे। बाद में सिविल अस्पताल से रेफर
करने के बाद परिजन ढाबा संचालक को शहर के एक निजी अस्पताल में ले गए। शहर
थाना पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ हत्या प्रयास और लूट के प्रयास
का केस दर्ज किया है।
निहत्थे राजेश ढांडा भिड़ गए पिस्तौलधारी लुटेरों से
ढाबा संचालक राजेश ढांडा हमला होने पर घबराए नहीं। वह हमलावरों से उलझ गए।
इससे लुटेरों में बेचैनी पैदा हो गई और वे घबरा गए। लुटेरों ने हाथ-पांव
फूलने पर ढाबा संचालक की दाईं जांघ में गोली मार दी और बाइक समेत फरार हो
गए। फिर ढांडा ढाबे पर पहुंचे।
इस वारदात को लेकर पुलिस महकमे में हड़कंप
मच गया। पुलिस के कंट्रोल रूम से वीटी के माध्यम से नाकों पर तैनात
कर्मियों को अलर्ट किया गया। मगर लुटेरे हाथ न लगे। पुलिस ने उन तक पहुंचने
के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
पुलिस ने शुरू की फुटेज खंगालनी
शहर थाना पुलिस ने वारदात को लेकर एचडीएफसी बैंक से लेकर वारदातस्थल के बीच
के सीसीटीवी की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस को शक है कि लुटेरे
बैंक से ही ढांडा के पीछे लगे थे।
वह ऋषिनगर के रास्ते स्कूटी पर ढाबे पर
जा रहे थे। लुटेरों ने वहां लूट का अच्छा स्थान मानते हुए उनको गोली मार दी
और नकदी लूटने का प्रयास किया। मगर वे ढाबा संचालक की दिलेरी के आगे टिक
नहीं सके और बाइक पर फरार हो गए।