सिविल अस्पताल के पास क्लॉथ मार्केट मोड़ पर सोमवार रात एक बजे एक स्विट्ज डिजायर कार फुटपाथ से टकराकर पलट गई। हादसे में दिल्ली के सुल्तानपुरी के बिजनेसमैन 40 वर्षीय सुशील कुुमार की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गये। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुशील कुमार अपने मामा चेतराम के पास गांव भिवानी रोहिल्ला आया हुआ था। उसके साथ दोस्त दिल्ली का संजय और हिसार का संजय थे। वे सोमवार रात स्विफ्ट डिजायर कार में दिल्ली के लिए निकले थे। कार हिसार का संजय चला रहा था। वे सिविल अस्पताल के पास क्लॉथ मार्केट मोड़ पर पहुंचे तो कार अनियंत्रित होकर फुटपाथ से टकराकर पलट गई। इस हादसे में सुशील कुमार की मौत हो गई और बाकी दोनों घायल हो गए। लोगों ने उनको मुश्किल से बाहर निकाला। नई अनाज मंडी चौकी पुलिस ने सूचना मिलने पर मृतक का शव कब्जे में ले लिया। शव का पोस्टमार्टम मंगलवार को सिविल अस्पताल में किया गया। चौकी प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि इस बारे में इत्तफाकिया कार्रवाई की गई है।