अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
मुलतानी चौक एरिया में मंगलवार तड़के पूर्व मंत्री हरिसिंह सैनी के आवास के पास दो युवकों ने डेयरी संचालक वीरेंद्र जांगड़ा को गोलियां मारकर घायल कर दिया। उसकी जांघ और पेट के ऊपर गोली लगी हैं। पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ हत्या प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि फायरिंग का मामला जैकी मर्डर केस से जुड़ा हुआ है। जिन पर गोली मारने के आरोप हैं, वे मृतक जैकी के दोस्त हैं।
जानकारी के अनुसार सैनियान मोहल्ला का वीरेंद्र दूध की डेयरी चलाता है। वह तड़के चार बजे बाइक पर मुलतानी चौक एरिया में डेयरी में जा रहा था। वह पूर्व मंत्री हरिसिंह सैनी के आवास के नजदीक पहुंचा तो अचानक बाइक के सामने दो युवक आ गए। एक युवक ने उस पर पिस्तौल तान दी। यह देख उसने उसे पकड़ लिया और दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान दूसरे युवक ने सिर पर ईंट से हमला कर दिया। वह उसे पकड़ने लगा तो दूसरे युवक ने फायरिंग शुरू कर दी। तीन-चार राउंड फायर किए। एक गोली जांघ और दूसरी गोली पेट के पास लगी। फायर करने के बाद हमलावर राहुल और मुकेश मौके से फरार हो गए।
वीरेंद्र लहुलुहान हालत में डेयरी में पहुंचा और साथियों को वारदात से अवगत कराया। बाद में साथी उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। बाद में परिजन गंभीर हालत को देखते हुए उसे एक निजी अस्पताल ले गए। वह उसका उपचार चल रहा है।
..........................
जैकी के दोस्त बताए जा रहे हैं हमलावर
पुलिस की प्रारंभिक जांच में फायरिंग का कारण सैनियान मौहल्ला के जैकी मर्डर से जुड़ा होना सामने आ रहा है। वीरेंद्र पर फायरिंग करने के आरोपी मुकेश और राहुल मृतक जैकी के दोस्त हैं। वहीं दूसरी तरफ जैकी की हत्या करने वाले आरोपियों का वीरेंद्र के साथ उठना-बैठना था। इसके चलते जैकी के दोस्त मुकेश व अन्य ने वारदात को अंजाम दिया है।
......................
वर्जन
सैनियान मौहल्ला के वीरेंद्र की शिकायत पर मुकेश और राहुल के खिलाफ हत्या प्रयास और शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
-ललित कुमार, प्रभारी सिटी थाना, हिसार।