अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सिविल लाइन पुलिस ने भ्रूण लिंग जांच कराने और गर्भ में लड़की होने का पता लगने पर दो महिलाओं का गर्भपात कराने की आरोपी लेडी डॉक्टर और दलाल को बुधवार को अदालत में पेश किया। यहां से उनको एक दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने राजस्थान के चुरू जिले के सिधमुख के पूनिया नर्सिंग होम की डॉ. सरोज पूनिया और दलाल सूर्यनगर निवासी सुनील कुमार का रिमांड हासिल किया है।
सिविल लाइन एसएचओ मनदीप सांगवान की टीम ने दोनों आरोपियों को न्यायिक दंडाधिकारी आशीष शर्मा की अदालत में पेश किया। पुलिस ने कोर्ट में रिमांड मांगते हुए दलील दी कि लेडी डॉक्टर की निशानदेेही पर अस्पताल के शौचालय की कुई से भ्रूण बरामद करने हैं और यह जानना है कि यह अपराध कब से चल रहा था। इसके अलावा दलाल सुनील से पूछताछ करनी है कि वह कब से यह गोरखधंधा कर रहा है और उसने अब तक कितनी महिलाओं का गर्भपात कराया है। इसके अलावा उन दो महिलाओं के नाम-पते जानने हैं। वह जिनका गर्भपात कराकर लाया था। पुलिस देर शाम लेडी डॉक्टर और दलाल को साथ लेकर राजस्थान के सिधमुख रवाना हो गई थी।
बड़े खेल का हो सकता है खुलासा
इस प्रकरण में पुलिस की जांच में बड़े खेल का खुलासा हो सकता है। पुलिस पता लगा रही है कि कहीं यह काम चेन सिस्टम से तो नहीं हो रहा है। इस खेल में दलाल सुनील मछली है या इस गोरखधंधे में पर्दे के पीछे मगरमच्छ काम कर रहे हैं। पुलिस ने जड़ तक जाने के लिए आरोपियों को रिमांड पर लिया है।
एक अस्पताल में पीआरओ है दलाल
पुलिस ने पूछताछ की तो दलाल सुनील ने बताया कि वह जिंदल चौक-आईटीआई रोड पर एक निजी अस्पताल में पीआरओ है। वह कभी यह कहता कि उसने अब नौकरी छोड़ रखी है। पुलिस सच्चाई जानने की कोशिश में जुटी है। इस गोरखधंधे में कई और लोगों के शामिल होने की आशंका है। पुलिस पूछताछ कर रही है।
कहां कराया महिलाओं का अल्ट्रासाउंड
पुलिस पूछताछ में दलाल सुनील ने बताया कि यह उसका पहला केस है, लेकिन पुलिस को उसकी बात पर यकीन नहीं हो रहा। पुलिस को लगता है कि उसने काफी केस कराए हैं। वह यह बता रहा कि दोनों महिलाओं के परिजन खुद अल्ट्रासाउंड कराकर उसके पास केवल गर्भपात कराने लाए थे। उसने 37 हजार रुपये वसूलकर 20 हजार रुपये लेडी डॉक्टर को दे दिए थे, बाकी खुद रख लिए थे। पुलिस की पूछताछ देर रात तक जारी थी।
यह है मामला
सेक्टर 9-11 निवासी विजय नेहरा की कार चालक विजेंद्र टैक्सी के तौर पर चलाता है। बिजेंद्र ने फोन पर मालिक को दलाल द्वारा सिद्धमुख के अस्पताल में दो महिलाओं के गर्भपात कराने की बात कही थी। मालिक ने माजरा जानकर उससे अस्पताल की वीडियो क्लिप बनाने के लिए बोला था। बाद में चालक मंगलवार सुबह फव्वारा चौक पर कार लाया तो नेहरा वहीं मिला। दोनों ने दलाल को दबोचकर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम के हवाले कर दिया था। महिलाएं जा चुकी थीं। सिविल लाइन पुलिस ने दलाल को साथ ले जाकर सिधमुख में छापा मारा था और डॉ. सरोज पूनिया को पकड़ लिया था। सिविल लाइन पुलिस ने दोनों के खिलाफ पीएनडीटी और एमटीपी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
- पुलिस देर शाम लेडी डॉक्टर और दलाल को साथ लेकर राजस्थान रवाना