अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। डोगरान मोहल्ला निवासी एक युवक ने जहर खाकर जान दे दी। उसने सुसाइड नोट में अपनी प्रेमिका के पिता पर सात लाख रुपये न लौटाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इसी आधार पर आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले के अनुसार डोगरान मोहल्ला निवासी 22 वर्षीय युवक ने वीरवार शाम को जहर खा लिया। जहर खाने के बाद वह घर पहुंचा, जहां तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे प्राइवेट अस्पताल में दाखिल कराया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। युवक के पास से पुलिस ने एक सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसमें उसने कहा कि शहर की एक कॉलोनी निवासी उसकी प्रेमिका के पिता ने उससे सात लाख रुपये उधार लिए थे। उसने जब पैसे वापस मांगे तो पहले वह टालमटोल करता रहा और बाद में उसने पैसे लौटाने से मना कर दिया। पुलिस ने उसकी शिकायत के आधार पर उसकी प्रेमिका के पिता के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज कर लिया है।