अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
स्कूल के अंदर से नर्सरी क्लास की बच्ची का अपहरण करने वाले आरोपी को आदमपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी आदमपुर एरिया के गांव का राकेश है। पुलिस ने इसे कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने इसे जेल में भेज दिया है।
परिजनों ने पुलिस को मामले की शिकायत दी थी। साढ़े तीन साल की बच्ची को आरोपी बुरी नीयत से स्कूल में बने टॉयलेट की तरफ लेकर जा रहा था। उसने बच्ची का मुंह दबाया हुआ था। परिजनों ने बताया था कि आरोपी उनकी मासूम के साथ कोई भी घिनौनी हरकत कर सकता था।
यह था मामला
क्षेत्र के एक गांव में सरकारी स्कूल में नर्सरी में पढ़ने वाली साढ़े तीन साल की मासूम को गांव के ही एक युवक ने छुट्टी होने से कुछ समय पहले उठा लिया था। वह बच्ची का अपहरण कर टॉयलेट की तरफ लेकर जा रहा था। अचानक मिड-डे-मील में काम करने वाली एक महिला ने आरोपी को बच्ची का मुंह दबाकर टॉयलेट की तरफ ले जाते देख लिया। उसने शोर मचा दिया। इस पर गांव के लोग और स्कूल का अन्य स्टाफ एकत्रित हो गया। आरोपी मौके से भागने लगा। शोर सुनने के बाद लोगों ने उसे काबू कर लिया और उसकी जमकर छितर परेड की। मौके पर पुलिस बुलाकर उन्होंने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने इस मामले में परिजनों की शिकायत पर अपहरण करने और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया था।
आरोपी राकेश को कोर्ट के समक्ष पेश किया गया था। कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है। -मेनपाल, एएसआई आदमपुर थाना पुलिस