अमर उजाला ब्यूरो
उकलाना मंडी।
छह साल की मासूम को श्रद्धांजलि देेने के लिए बुधवार को आयोजित शोक सभा में डीसी, एसपी सहित जिले के कई अधिकारी भी शामिल हुए।
गीता भवन के निकट आयोजित श्रद्धांजलि सभा में राजनीतिक दलों, संगठनों एवं स्कूली छात्रों ने भाग लिया। उपायुक्त निखिल गजराज, अतिरिक्त उपायुक्त एएस मान और अन्य अधिकारी श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे। अधिकारियों ने मृतका के चित्र पुष्प अर्पित किए। सभा में वक्ताओं ने जहां मासूम की हत्या पर रोष जताया। पुलिस प्रशासन से जल्द कातिलों को गिरफ्तार करने की मांग की। उकलाना विधायक अनूप धानक, बरवाला के विधायक वेद नारंग, पूर्व विधायक नरेश सेलवाल, शीला भ्याण, अधिवक्ता लाल बहादुर खोवाल, आशा रानी खेदड़, सुरजीत ख्यालिया, सुरेंद्र सेलवाल ने विचार व्यक्त किए। इस सभा में उकलाना क्षेत्र एवं आसपास के जिलों से भी नेताओं ने भाग लिया। इसके अलावा कुछ स्कूली बच्चों और महिलाओं ने श्रद्धांजलि सभा में शिरकत की।
कुरुक्षेत्र के सांसद राजकुमार सैनी ने दी 21 हजार की मदद
कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद राजकुमार सैनी भी उकलाना में पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और सांत्वना दी। पीड़ित परिवार को 21 हजार की नकद सहयोग राशि भी दी। सांसद ने कहा कि पीड़ित परिवार को हर हालत में न्याय दिलवाएंगे।