अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
पड़ाव चौक स्थित मलिक ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक प्रेम सिंह मलिक परिवार समेत अमेरिका गए थे। पीछे से कंपनी के कर्मचारी सिरसा रोड की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी दीपक गर्ग ने ग्राहकों से 15 लाख रुपये वसूले और ऐश के कामों में उड़ा दिए। पुलिस ने उसके खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक ने पड़ाव चौकी में शिकायत दी कि वह अगस्त 2016 में परिवार सहित करीब एक महीने के लिए अमेरिका गए थे। कंपनी में तैनात दीपक गर्ग ने पीछे से उनके विदेश जाने का फायदा उठाकर माल मंगवाने वाले कई लोगों से संपर्क किया और मालिक का झूठा नाम लेकर 15 लाख रुपये ले लिए। कर्मचारी ने यह नकदी जुए, सट्टे और अनैतिक कार्यों में लुटा दी। उन्होंने पता चलने पर रुपये मांगे तो कर्मचारी ने बीमारी का बहाना बनाकर ऑफिस में आना बंद कर दिया। घर जाकर या फोन पर पूछने पर वह एक ही जवाब देता कि बीमार चल रहा हूं। स्वस्थ होने पर रकम लौटा दूंगा। उसने इस तरह से बहाने बनाते-बनाते इतना समय निकाल दिया। उसने अब कहा कि उससे रुपये मांगे तो वह उनको और उनके परिवार को जान से मार देगा। सिटी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।