अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सिविल लाइन पुलिस ने पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल के पीए ललित शर्मा द्वारा दर्ज कराए गए धमकी के केस के संबंध में गैंगस्टर विनोद पान्नू उर्फ काणा पर भगोड़े की एफआईआर दर्ज की है। शर्मा ने 4 जून 2015 को काणा पर जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज कराया था। सीआईए ने काणा व उसके एक साथी को अलग-अलग मामलों में रिमांड पर ले रखा है।
पुलिस के अनुसार 24 जनवरी 2014 को विनोद काणा और उसके साथियों ने पुष्पा कांप्लेक्स के एक ऑफिस में घुसकर गोलियां मारकर संजय उर्फ बिट्टू शर्मा की हत्या की थी। पुलिस ने कुछ आरोपी पकड़ लिए थे जबकि कुछ फरार थे। तत्कालीन मंत्री सावित्री जिंदल के पीए एवं दिल्ली रोड की शांत विहार कॉलोनी के ललित शर्मा ने 4 जून 2015 को पुलिस को शिकायत देकर कहा था कि उसके भतीजे बिट्टू शर्मा की हत्या के मुकदमे में वह गवाह है। उनको पान्नू ने फोन पर कहा था कि तू तेरे भतीजे बिट्टू शर्मा की हत्या के मामले में गवाह है। यदि तूने गवाही दी तो तुझे उसी के पास पहुंचा देंगे। सिविल लाइन पुलिस ने विनोद पान्नू के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया था। न्यायिक दंडाधिकारी आशीष शर्मा की अदालत ने उस मामले में काणा को 15 जनवरी 2016 को भगौड़ा घोषित किया था।
गुर्जर संबंधी केस में भगौड़े की एफआईआर में गिरफ्तारी
सिविल लाइन पुलिस को थुराना का विनोद काणा ढाणी श्यामलाल के इंद्र गुर्जर पर जेल में हुए जानलेवा हमले में वांछित था। काणा वारदात के बाद जेल से जमानत पर बाहर आकर फरार हो गया था। पुलिस ने उस केस से संबंधित में भगोड़े के केस में शामिल तफ्तीश कर उसे अदालत में पेश किया जहां से उसे जेल भेजने के आदेश दिए गए।
.................................................................................................................
काणा और उसका साथी अब जांगड़ा मर्डर मामले में रिमांड पर
हिसार। सीआईए ने थुराना के विनोद काणा और बालसमंद के आशीष उर्फ बिल्लिया का अलग मामलों में चार दिन का रिमांड हासिल किया था। पुलिस ने विनोद काणा को बिट्टू शर्मा मामले और बिल्लिया को बालसमंद पेट्रोल पंप फायरिंग मामले में रिमांड पर लिया था। पुलिस ने रिमांड खत्म होने पर दोनों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जहां से दोनों को जेल भेजने के आदेश दिए। पुलिस ने फिर दोनों को बरवाला थाना एरिया के रामचंद्र जांगड़ा की हत्या के मामले में दोबारा अदालत में पेश किया और पूछताछ के लिए उनका रिमांड मांगा। अदालत ने दोनों को फिर चार दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। विनोद काणा के साथी राजेश का रामचंद्र जांगड़ा के साथ जमीनी विवाद को लेकर मनमुटाव था। राजेश के कहने पर काणा ने जांगड़ा का 24 जनवरी 2017 को बरवाला के पास पेट्रोल पंप पर मर्डर करवा दिया था।
सावित्री जिंदल के पीए को धमकी देने के मामले में काणा पर भगोड़े का केस दर्ज