अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
शहर के एक कॉलेज की रेप पीड़िता क्रिकेट खिलाड़ी रविवार को नई पुलिस लाइन स्थित जीओ मेस में डीजीपी बीएस संधू से मिली। पीड़िता ने डीजीपी के समक्ष कहा, साहब मैं तो जिंदा लाश बनकर रह गई हूं। पुलिस अभी तक मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही। पुलिस के पास जाती हूं तो गालियां देते हैं। पीड़िता ने एसएचओ और डीएसपी की शिकायत की और कहा कि एसएचओ तो गालियां देते हैं। युवती ने मुख्य आरोपी विद्यानंद की गिरफ्तारी की मांग की। युवती ने कहा कि सर आप मुझे न्याय दिलाइए।
साहब! मेरा कॅरिअर हो गया खराब
पीड़िता ने कहा कि सर घटना के बाद मैं जिंदा लाश बनकर घूम रही हूं। मेरा कॅरिअर चौपट हो गया है। तीन आरोपियों में से एक आरोपी ही गिरफ्तार हुआ है। षड्यंत्र रचने की आरोपी छात्रा कोर्ट से अग्रिम जमानत ले चुकी है। पीड़िता ने बताया कि विद्यानंद चिंदड़ गांव के आत्मानंद और एक छात्रा के सहयोग से उसे झांसे में लेकर हरिद्वार के एक होटल में ले गया था। वहां विद्यानंद ने उससे रेप किया था। सदर थाना पुलिस ने इस संबंध में 27 मार्च को केस दर्ज किया था। पुलिस ने आत्मानंद को गिरफ्तार किया है।
पुलिस पर दुर्व्यवहार का लगाया आरोप
पीड़िता ने डीजीपी के सामने आरोप लगाया कि सर सदर थाना एसएचओ ने उसको गाली दी थी। पीड़िता ने गाली डीजीपी के सामने मौके पर ही बोलकर बता दी। आईजी, एसपी, डीसी सहित सभी अधिकारियों की गर्दन झुक गई। उन्होंने कहा कि डीएसपी और एसचओ आरोपियों का सहयोग कर रहे हैं।
झूठ बोल रही पीड़िता, मेरे पास रिकॉर्डिंग : एसचएओ
एसएचओ देवेंद्र नैन ने कहा कि पीड़िता झूठी शिकायत कर रही है। मेरे पास उसकी रिकॉर्डिंग है। मैंने उच्च अधिकारियों को रिकॉर्डिंग तक सुनाई है। मामला महिला थाने में है।
-देवेंद्र नैन, एसएचओ सदर थाना
फोटो 46
मुख्य आरोपी को पुलिस नहीं कर रही गिरफ्तार
एसएचओ पर गालियां देने का आरोप