अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। तेलंगाना पुलिस ने फ्यूचर मेकर लाइफ केयर प्राईवेट कंपनी को शुक्रवार शाम बजे सील कर दिया। तेलंगाना पुलिस रेेंज के एसीपी सुधीर कुमार ने अपनी टीम सहित फ्यूचर मेकर कंपनी के रेड स्कवेयर मार्केट में हैड ऑफिस पर पहुंचकर कंपनी के शटर बंद कर ताले लगाए। तेलंगाना पुलिस टीम ने कंपनी के कुछ जरूरी कागजात व लैपटॉप अपने कब्जे में लिए हैं।
तेलंगाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कंपनी ऑफिस को फ्राड घोषित करते हुए तीन सील लगा दी। इस मामले में तेलंगाना पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ आईपीसी धारा 420, 4, 5, 6, 3 के तहत के तहत केस दर्ज किया था। जिसके बाद तेलंगाना पुलिस रेेंज के एसीपी सुधीर कुमार ने टीम को लेकर रेड स्कवेयर पहुंचे थे। पुलिस टीम ने अपने साथ हिसार सिटी थाना पुलिस को भी साथ लिया हुआ था। पुलिस टीम ने आफिस के अंदर करीब आधे घंटे तक छानबीन की। पुलिस ने आफिस लैपटॉप व कुछ कागज अपने पास ले लिए। रिकार्ड को लेने के बाद कर्मचारियों को आफिस से घर भेज दिया गया। पुुलिस टीम ने आफिस के शटर को डाउन कर तीन अलग अलग ताले लगाए। सभी तालों पर सील लगाई। इसके बाद पुलिस की टीम सिटी थाना पहुंची।
कंपनी के सील होने की घटना का पता लगते ही कंपनी कार्यालय के बाहर शहरवासियों की भीड़ लग गई। स्थिति को संभालने के लिए कार्यालय के बाहर हरियाणा पुलिस को तैनात किया गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने सील लगे हुए कार्यालय की वीडियो बनाई व फोटो खींच कर सोशल मीडिया पर वायरल करनी शुरू कर दी। पुलिस के जवानों ने कंपनी कार्यालय के बाहर लगी भीड़ को खदेड़ा।
कंपनी से जुड़े लोगों को नहीं हुआ विश्वास-
जिन लोगों ने कंपनी ज्वाइन कर रखी थी। उनको जब सोशल मीडिया के माध्यम से मामले का पता लगा तो विश्वास नहीं कर पाए। हकीकत जानने के लिए कंपनी से जुड़े लोग रेड स्कवेयर मार्केट में स्थित कंपनी कार्यालय की ओर दौड़े। मीडिया ने कंपनी से जुड़े लोगों से बातचीत करने की कोशिश की तो इन लोगों ने कुछ भी कहने से मना कर दिया।
हैदराबाद के ककटपल्ली में फ्यूचर मेकर कंपनी के खिलाफ शिकायत आई थी। इसके बाद कंपनी के दो लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 4,5,6 व 3 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके तहत कार्रवाई करते हुए हिसार फ्यूचर मेकर कंपनी को हमने सील किया है। कंपनी के कुछ डॉक्यूमेंट व लैपटॉप जब्त किए हैं। आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस की जांच जारी है।
- सुधीर कुमार, एसीपी, इकोनोमिक विंग, तेलंगाना पुलिस
करीब साढे़ तीन साल पहले शुरूआत
जानकारी के अनुसार करीब साढे तीन साल पहले इस कंपनी को राधेश्याम ने शुरू किया था। कंपनी ने तीन साल में बहुत तेजी से प्रसार किया। कंपनी के साथ लाखों लोग जुड गए। कंपनी ने हिसार के अलावा अन्य प्रदेशों में भी अपनी शाखा खोली। कंपनी हजारों करोड़ों रुपये का कारोबार कर रही है।
देर रात तक कंपनी के बाहर लोगों के आने जाने का सिलसिला लगा रहा। कंपनी को सील किए जाने की जानकारी मिलते ही सोशल मीडिया पर लोग इसे शेयर करने लगे। कंपनी में इंवेस्ट करने वाले कुछ लोगों ने कहा कि कंपनी पूरी तरह से ठीक काम कर रही है। यह जांच है। जल्द ही कंपनी को क्लीन चिट मिल जाएगी।
एसीपी सुधीर कुमार ने कहा कि चिट फंड की तरह काम करने वाली इस कंपनी के खिलाफ शिकायत मिली थी। मल्टीलेवल मार्केटिंग के तहत इसमें इंवेस्ट करने वालों को अलग अलग स्तर पर कमीशन मिलता है। नियमों के हिसाब से यह पूरी तरह से गलत है।