अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। सदर थाना पुलिस को करीब डेढ़ साल पहले नहर से युवक अंकुश का शव बरामद हुआ था। पुलिस ने अब इस मामले में नरवाना के चार लोगों के खिलाफ हत्या व किडनेपिंग का केस दर्ज किया है।
मृतक अंकुश के भाई नरवाना के हाउसिंग बोर्ड कालोनी निवासी सुनील ने पुलिस को शिकायत दी है। अपनी शिकायत में उन्होंने बताया कि उसका 18 वर्षीय छोटा भाई अंकुुश एक जनवरी 2017 को घर से अपनी मौसी के घर जाने के लिए निकला था। अंकुश के घर से जाने के बाद शाम को उन्होंने अपनी मौसी से इस बारे में पता किया। इस पर मौसी ने बताया कि अंकुश अभी तक यहां नही पहुंचा है। इसकेे बाद उन्हें अंकुश की चिंता होने लगी। उन्होंने अपने आस-पड़ोस में व सभी रिश्तेदारों से पता किया, लेकिन उसके भाई का कुछ पता नहीं चला। करीब तीन दिन बाद उनको हिसार सदर पुलिस का संदेशा आया कि उन्हें नहर से गांव खरकड़ी से एक युवक का शव मिला है। वह आकर शव की पहचान कर ले। जब वह हिसार पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे तो देखा कि शव उनके छोटे भाई अंकुश का था। इस बारेे में उन्होंने पुलिस को शिकायत दी कि उनके भाई का पड़ोसियों द्वारा अपहरण करके मर्डर किया गया है। इस पर पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई करने की बात कही। इसके बाद पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पानी में दम घुटने के कारण का पता लगा। सदर थाना पुलिस ने इस मामले में मृतक के भाई के बयान के आधार पर नरवाना के चार लोगों के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज कर ली है। केस में नरवाना के दीपक, मोहित उनके पिता जयपाल व उनकी मां प्रमिला को आरोपी बनाया गया है। सुनील के अनुसार आरोपी उनके पड़ोसी हैं और काफी समय से उनके साथ आपसी रंजिश चल रही हैै। इसी का बदला लेने के लिए चारों ने उसके भाई का अपहरण करके मर्डर किया है।
वर्जन
पुलिस को करीब डेढ़ साल पहले नहर से अंकुश का शव बरामद हुआ था। अब मृतक के परिजनों ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ अपहरण करके हत्या करने के बयान दिए हैं। पुलिस ने उसी आधार पर जीरो एफआईआर दर्ज कर ली है। आगामी कार्रवाई के लिए एफआईआर नरवाना थाना इंचार्ज को भेज दी गई है।
-विजेंद्र सिंह, सदर थाना प्रभारी हिसार