अमर उजाला ब्यूरो
हांसी (हिसार)।
म्हारा गांव-जगमग गांव स्कीम के तहत ठेकेदार को गलत पेमेंट किए जाने के मामले में हांसी बिजली निगम के एक्सईएन सुखबीर कंबोज, हांसी सब अर्बन-वन के एसडीओ दीवान चंद, मुंढाल एसडीओ सुरेंद्र कुमार, नारनौंद एसडीओ सुशील कुमार, सातरोड एसडीओ ओमप्रकाश बिश्नोई और हिसार के अनिल बोलान को सस्पेंड किया गया है। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा हरियाणा सिविल सर्विस नियम, 2016 के नियम-83 के अंतर्गत सोमवार को छह अधिकारियों का सस्पेंशन ऑर्डर जारी किया गया।
म्हारा गांव-जगमग गांव स्कीम के अंतर्गत हांसी और आसपास के क्षेत्र में बिजली के पोल लगाए गए। इस संबंध में पोल लगाने वाले ठेकेदार को भुगतान कर दिया गया। ठेकेदार को भुगतान किए गए बिल में अधिक पोल दिखाए गए हैं, जबकि मौके पर कम पोल लगे मिले। ऐसे में अधिकारियों की मिलीभगत का पता चलने पर निगम ने इन अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया। बताया जा रहा है कि ठेकेदार को मोटी रकम का भुगतान किया गया है।
म्हारा गांव-जगमग गांव स्कीम के तहत ठेकेदार को अधिक पेमेंट करने पर इन अधिकारियों को सस्पेंड किया गया है। मुख्यालय से अधिकारियों पर कार्रवाई के आदेश आए थे। सभी अधिकारियों को निलंबन के आदेश भेज दिए गए हैं।
-रजनीश गर्ग, एसई बिजली निगम हिसार