सेक्टर-13 में फिर वारदात, कांग्रेसी नेता के बेटे पर चाकू से हमला, नकदी-मोबाइल लूटे
अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सेक्टर-13 के शॉपिंग कांप्लेक्स में देर शाम कांग्रेसी नेता वजीर पूनिया के बेटे के साथ लूटपाट की वारदात हो गई। लूटपाट करने वालों ने चाकू और बर्फ तोड़ने वाला सुआं दिखाकर कांग्रेसी नेता के बेटे की जैकेट उतरवा ली। कांग्रेसी नेता के बेटे हेमंत की जैकेट में 2200 की नकदी और मोबाइल था। मामले की सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दी है। लूटपाट करने वालों ने हेमंत की गर्दन और सिर पर वार भी किए हैं। हालांकि चोट सामान्य है।
हेमंत के पिता वजीर पूनिया ने बताया कि बेटा पॉलीटेक्निकल डिप्लोमा कर चुका है। वह हाल ही में दिल्ली से आया है। देर शाम वह सेक्टर-13 की मार्केट में पैदल गया हुआ था। अचानक बाइक पर सवार दो युवक आए। इनमें से एक के पास छुरी और दूसरे के पास बर्फ तोड़ने वाला सुआं था। उन्होंने बेटे पर वार कर दिया। हमलावर हेमंत से जैकेट उतरवा कर ले गए। आरोप है कि युवकों ने उसकी चेन भी छीनने की कोशिश की, लेकिन वे कामयाब नहीं हो सके। उधर, इस मामले में जब आरोपी पक्ष से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मोबाइल और जैकेट उनकी है। जयदेव नगर निवासी युवकों ने कहा कि आरोप बेबुनियाद हैं। एक साल पहले उन्होंने हेमंत को चेन और मोबाइल दिया था। वह काफी दिनों से दे नहीं रहा था। जब उसने चेन देने से इनकार किया तो हम अपनी जैकेट ले आए।
वर्जन
मामले की जांच की जा रही है। शिकायतकर्ता और हमलावर पक्ष दोनों से संपर्क किया गया है। मामले की तह तक जाने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। - मनदीप सांगवान, एसएचओ सिविल लाइन