अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
बाल सुधार गृह से हफ्ते पहले सुरक्षाकर्मियों पर हमलाकर फरार हुए छह बाल कैदियों का अभी कोई सुराग नहीं लगा है। इस बीच महिला एवं बाल विकास विभाग की डायरेक्टर ने बाल सुधार गृह प्रबंधन से मामले की रिपोर्ट मांगी है।
बरवाला रोड स्थित बाल सुधार गृह से पिछले रविवार को सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर छह किशोर कैदी फरार हो गए थे। वे अभी तक पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं। एसपी मनीषा चौधरी और तीन जज अगले दिन बाल सुधार गृह का दौरा कर आए थे। महिला एवं बाल विकास विभाग की स्थानीय अधिकारियों ने भी बाल सुधार गृह का दौरा किया था और किशोर कैदियों की फरारी के बारे में जानकारी हासिल की थी। अब महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रदेश मुख्यालय से डायरेक्टर ने बाल सुधार गृह प्रबंधन से मामले की रिपोर्ट मांगी है।
पुलिस ने फरार कैदियों के घरों पर दी दबिश
किशोर कैदियों की फरारी के बाद से पुलिस की चार टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं। पुलिस की दो टीमों ने शनिवार को जींद एरिया, महम के पास और भिवानी एरिया में फरार किशोरों के घरों और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन उनके बारे में ठोस जानकारी नहीं मिल पाई। इसके अलावा दो टीमें गुरुग्राम समेत एनसीआर में तलाश में जुटी हैं। पुलिस ने शुक्रवार को गुरुग्राम जेल में बंद संदीप गाडौली के गुर्गों से फरार किशोर कैदियों के संबंध में पूछताछ की थी।
हिसार पुलिस ने रोहतक पुलिस से किया संपर्क
रोहतक में शुक्रवार को लाढ़ौत-किलोई मार्ग पर दिल्ली के लव गुप्ता नामक युवक को पैरों में गोलियां मारकर तीन बदमाश कार और सामान लूट ले गए थे। तीनों ने गुप्ता से कार में लिफ्ट मांगी थी और फिर वे कार लूटकर ले गए थे। रोहतक पुलिस को संदेह है कि इस वारदात में हिसार के बाल सुधार गृह से फरार किशोर कैदियों का हाथ हो सकता है। वारदात की भनक पड़ने पर हिसार पुलिस ने रोहतक पुलिस से संपर्क कर वारदात की जानकारी जुटाई है।
यह है मामला
बरवाला रोड स्थित बाल सुधार गृह से पिछले रविवार छह किशोर कैदी वहां मौजूद तीन सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर फरार हो गए थे। उसके बाद चार कैदी एचएलआरडीसी फार्म में घुसकर तलवंडी राणा के महिपाल का सिर फोड़कर कर छीनी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए थे। बाद में बाइक लावारिस हालत में जीएलएफ कॉलोनी में मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने फरार कैदियों की तलाश शुरू की थी, लेकिन वे हाथ नहीं लगे थे। सदर थाना पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज किया था।
छह किशोर कैदियों की फरारी का मामला
पुलिस की दो टीमों ने जींद, महम और भिवानी एरिया में दी दबिश