अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। कैंप चौक पर वाहनों के कागजात जांच रही पुलिस टीम के साथ तीन युवकों ने मारपीट कर दी। आरोपी युवकों ने चौक पर तैनात होमगार्ड जवान सुनील को घायल कर दिया। इसके अलावा ड्यूटी पर तैनात एएसआई सुरेंद्र को धक्का देकर गिरा दिया। हालांकि होमगार्ड पर भी एक युवक को थप्पड़ मारने का आरोप है। बाद में तीनों युवकों को पुलिस गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई।
बिना हेलमेट देख किया था स्कूटी रोकने का इशारा
मामले के अनुसार पुलिस टीम कैंप चौक पर वाहनों के कागजात जांच रही थी। तभी वहां स्कूटी पर कैंप निवासी राजकुमार बिना हेलमेट पहने आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसको हाथ दिखाकर रुकने का इशारा किया लेकिन उसने स्कूटी की स्पीड बढ़ा दी। तभी सड़क पर एक भारी वाहन के आ जाने से उसे मजबूरी में स्कूटी रोकनी पड़ी। पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। पुलिस टीम ने राजकुमार से कागजात दिखाने को कहा। आरोप है कि इस दौरान राजकुमार ने टीम के साथ अभद्रता करनी शुुरू कर दी। राजकुमार ने चेकिंग टीम को धमकी देते हुए कहा कि उसके पास कोई कागजात नहीं है, जो करना है कर लो। इसी बीच राजकुमार ने फोन करके कैंप के पास की दुकान पर काम करने वाले अपने भाई सोनू व दोस्त पंकज को वहां बुला लिया। आरोप है कि तीनों ने वहां पर तैनात होमगार्ड जवान सुनील के साथ धक्का-मुक्की करना शुरू कर दिया। जब एएसआई सुरेंद्र सिंह होमगार्ड को छुड़वाने लगे तो तीनों ने उनको धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया तभी पुलिस पेट्रोलिंग टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। घायल होमगार्ड सुनील को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने तीनों युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। तीनों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।