अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। शहर की जग्गी कॉलोनी में फेस-2 में रहने वाले कलयुगी पिता ने मां को बचाने आए अपने ही 17 वर्षीय बेटे को चाकू से वार कर मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस ने आरोपी की पत्नी की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
जग्गी कॉलानी फेस-2 में रहने वाली कुलविंद्र कौर की बेटी सिमरजीत ने बताया कि उसका पिता जोरावर सिंह नशे का आदी है। वह मां के चरित्र पर शक करता था। वो अक्सर रिश्तेदारों के बहकावे में आकर मारपीट करता था। बुधवार देर रात नशे में पिता ने उसकी मां कुलविंद्र को पीटना शुरू कर दिया। मां के चिल्लाने की आवाज दूसरे कमरे में पढ़ाई कर रहे बेटे नवजोत ने सुनी तो वो बचाने के लिए आ गया। उसने मां को बाहर जाकर मदद के लिए आसपास के लोगों को बुलाने के लिए कहा। उसे यकीन था कि उसका पिता उसे कभी चाकू नहीं मारेगा लेकिन, नशे में आरोपी जोरावर सिंह ने नवजोत की गर्दन में दो बार चाकू मारा। ज्यादा खून बहने से नवजोत ने दम तोड़ दिया। सिमरजीत ने बताया कि उसका पिता जोरावर सिंह दो माह पहले मुरादाबाद जेल से नशा तस्करी के मामले में पांच साल की सजा भुगतकर आया था।
---------
इकलौते भाई के मरने पर सदमे में बहन
नवजोत की मौत से परिवार जहां सकते में हैं, वहीं बहन सिमरजीत भी सदमे में है। उसे क्या पता था कि उसका पिता ऐसी वारदात को अंजाम दे देगा और उसके इकलौते भाई को मौत के घाट उतार देगा। सिमरजीत का रो-रोकर बुरा हाल है। वो बार-बार अपने भाई से राखी बंधवाने की जिद्द कर रही है। नवजोत की मौत से उसके परिजन काफी गुस्से में है और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
-----------
गिरफ्तारी नहीं हुई तो करेंगे रोड जाम
परिजनों का कहना है कि यदि आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे रोड जाम करेंगे और तब तक शव का दाह संस्कार नहीं करेंगे। नवजोत 11वीं कक्षा में पढ़ता था और छुट्टियों में पार्ट टाइम काम कर घर भी चला रहा था, लेकिन यह बात न तो पिता को अच्छी लगती थी और न रिश्तेदारों को। वो अक्सर जोरावर सिंह को भड़काते थे जिस कारण अक्सर घर में कलह रहता था। मृतक के मामा वरिंद्र सिंह ने बताया कि वह चाहते हैं कि इस मामले में पुलिस जल्द आरोपी को गिरफ्तार करे। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी बहन कुलविंद्र को उसका जीजा, उसकी सास व अन्य सभी रिश्तेदार तंग करते थे। फिलहाल पुलिस ने आरोपी जोरावर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि वारदात के तुरंत बाद से आरोपी अपना सामान लेकर घर से फरार हो गया। बलदेव नगर चौकी प्रभारी धर्मबीर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।