अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
पुरानी सब्जी मंडी में वीरवार को एक दुकान पर 10-15 लोगों ने डंडों और हॉकियों से धावा बोलकर महाबीर कॉलोनी निवासी दुकानदार राहुल का सिर फोड़ दिया। दुकानदार ने हमलावरों पर घायल कर सोने के चेन और 1.28 लाख रुपये छीनने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिविल अस्पताल में उपचाराधीन महाबीर कॉलोनी निवासी राहुल ने बताया कि वह एक बजे दुकान पर बैठा था। तभी वहां 10-15 लोग आए। उनमें कुछ तीन-चार बाइक पर थे और कुछ पैदल आए। उन्होंने आते ही उस पर डंडों और हॉकियों से हमला कर दिया। वे सोने की चेन तोड़ ले गए और टेबल पर पॉलिथीन में रखे 1.28 लाख रुपये जबर्दस्ती उठा ले गए। वे जाते समय उसे जान से मारने की धमकी दे गए। उसने बताया कि वह एक दिन पहले कैंप चौक पर एक मीट की दुकान पर साथियों के साथ खाना खाने गया था। हम आपस में मजाक कर रहे थे। तब दुकानदार ने सोचा कि हम उस पर कटाक्ष कर रहे हैं। तब बहस होकर मामला शांत हो गया था। उसी मसले को लेकर उस पर हमला किया है। पुरानी सब्जी मंडी चौकी इंचार्ज महेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों को शुक्रवार को चौकी में बुलाया है। दोनों पक्षों से बातचीत के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
,
दुकानदार का सिर फोड़ा, सोने की चेन और 1.28 लाख छीनने का आरोप
.....................................