अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सिटी थाना पुलिस ने रामपुरा मोहल्ला निवासी कॉन्ट्रेक्टर अनुराग मल्होत्रा के किडनेप मामले में चार दिन बाद केस दर्ज किया है। पीड़ित ने आईजी व एसपी से मुलाकात की और सिटी थाना के बाहर लोगों के साथ प्रदर्शन किया। तब पुलिस ने ढाणा खुर्द निवासी राजपाल यादव, एक पार्टनर और सात-आठ अन्य के खिलाफ किडनेप और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया।
रामपुरा मोहल्ला के अनुराग मल्होत्रा ने पुलिस को शिकायत देकर कहा था कि वह 25 नवंबर की शाम कार में पुराने ओवरब्रिज के पास मौजूद था। तभी वहां कुछ लोग आए थे और उन्होंने मारपीट कर उसे कार की पिछली सीट पर डाल दिया था। फिर हमलावर उसे हांसी के एक फार्म हाउस में ले गए थे। उन्होंने वहां मारपीट कर उसे यातनाएं दी थी। वे कह रहे थे कि कोर्ट में चल रहा केस वापस ले लेना। वर्ना उसका अंजाम बुरा होगा। उसके बाद वे उसे हांसी में जाट धर्मशाला के पास छोड़ गए थे। मल्होत्रा ने बताया था कि हांसी के राजपाल यादव के इशारे पर किडनेप और मारपीट की गई है। मल्होत्रा ने लोगों के साथ बुधवार को सिटी थाना के बाहर प्रदर्शन किया था और बाद में आईजी व एसपी से मुलाकात की थी। सिटी थाना पुलिस ने रात को केस दर्ज किया।
सिटी थाना के बाहर प्रदर्शन करने के बाद राजपाल यादव पर अपहरण का केस दर्ज