अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
भगत सिंह चौक के दुर्गा स्टूडियो के गल्ले से एक अज्ञात युवक अपने साथी की मदद से 2500 रुपये चुराकर फरार हो गया। स्टूडियो स्वामी सतीश कुमार ने चोर को आवाज भी लगाई, लेकिन वह साथी के साथ बाइक पर बैठकर भाग गया।
शांति नगर के सतीश कुमार ने बताया कि बुधवार दोपहर को ढाई बजे उनके पड़ोसी दुकानदार ने उनसे कहा कि वह लघुशंका के लिए जा रहे हैं। वह थोड़ी देर दुकान पर बैठ जाएं। सतीश उसकी दुकान पर जाकर बैठ गया। पांच मिनट बाद उसने अपने स्टूडियो की तरफ देखा तो एक युवक तेजी से बाहर निकल रहा था। सतीश ने उसे पुकारा, मगर युवक ने पलटकर नहीं देखा और वह कुछ दूरी पर खड़े अपने साथी की बाइक पर बैठकर फरार हो गया। काफी ढूंढने पर दोनों चोरों का सुुराग नहीं लग पाया। चेक करने पर गल्ले से 2500 रुपये की नकदी गायब मिली। बाद में इसकी शिकायत मुलतानी चौकी में दी गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।