टुंडा कहने से गुस्साए दसवीं के स्टूडेंट ने लाठी से पीटकर सहपाठी को मार डाला
-- हत्या का आरोपी नाबालिग होने के कारण नाम नहीं लिखा--
---
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौंद। गांव कापड़ो में खेलते हुए दो छात्रों में आपसी झगड़ा हो गया। एक छात्र ने दूसरे छात्र की लाठियों से पीट पीटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। मौके पर सीन ऑफ क्राइम की टीम भी पहुंची। गांव में कोई अप्रिय घटना ना हो। इसके लिए पुलिस बल को तैनात किया गया है।
कापड़ो निवासी 15 वर्षीय दसवीं का छात्र व उसका सहपाठी 18 वर्षीय विक्की अपने दोस्तों के साथ बस्ती के पास ही खाली पड़े मैदान में लाठी व गेंद के साथ खेल रहे थे। खेलते समय विक्की ने नाबालिग पर कटाक्ष करते हुए उसको टुंडा कह दिया। इतना सुनते ही नाबालिग ने लाठी से विक्की पर कई वार कर उसको गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमला करने के बाद मौके से फरार हो गया। विक्की के परिजन उसको उपचार के लिए बरवाला ले जा रहे थे तब रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी साधुराम व डीएसपी जोगिन्द्र राठी मौके पर पहुंचे। सीन ऑफ क्राइम की टीम डॉ. अजय के नेतृत्व में घटना स्थल पर पहुंची। मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने हांसी के सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। दो डाक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम किया। पुलिस ने मृतक के पिता दर्शन के ब्यान पर नाबालिग के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। विक्की गांव के ही सरकारी स्कूल में दसवीं कक्षा में पढ़ता था। आरोपी भी दसवीं कक्षा का ही छात्र है।
-------------
इस संबंध में थाना प्रभारी साधुराम ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपित छात्र को पकड़ लिया जाएगा। गांव में पूरी तरह से शांति है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।