अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सेक्टर-14 में बाइक सवार दो युवक एक्टिवा को टक्कर मारकर महिला नेहा गुप्ता का पर्स झपटकर फरार हो गए। पर्स में 20 हजार रुपये, एटीएम कार्ड और कुछ जरूरी कागजात थे। बाइक सवार दो युवकों ने वीरवार को भी सेक्टर-14 में एक लेडी टीचर का पर्स झपटने का प्रयास किया था। सिटी थाना पुलिस ने इस संबंध में जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-14 के मकान नंबर 1811 निवासी गवर्नमेेंट कांट्रेक्टर अंशुल गुप्ता ने बताया कि उनकी पत्नी नेहा गुप्ता पास में ही कुलदीप गुप्ता के यहां कीर्तन में गई थी। वह कीर्तन खत्म होने पर पड़ोस की खुशबू गुप्ता की एक्टिवा पर पीछे बैठकर घर के सामने पहुंच गई थी। एक्टिवा की गति धीमी हुई तो पीछे से बाइक पर दो युवक आए और एक्टिवा को टक्कर मारकर नेहा का पर्स झपटकर फरार हो गए। नेहा और खुशबू ने शोर मचाया तो परिजन और पड़ोसी बाहर निकले, लेकिन तब तक झपटमार फरार हो चुके थे। बाद में इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सिटी थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है।
एक दिन पहले हुआ था झपटमारी का प्रयास
सेक्टर-14 में वीरवार को जवाहर नगर निवासी टीचर मुदिता अरोड़ा का बाइक सवारों ने पर्स झपट लिया था, लेकिन उन्होंने दौड़कर बाइक पर पीछे बैठे युवक को गिरा दिया था। फिर झपटमार टीचर को धक्का मारकर पर्स छोड़कर फरार हो गए थे। इस दौरान टीचर को कुछ चोटें लगी थीं। दूसरे दिन भी सेक्टर-14 में बाइक सवार ने वारदात की।