अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सिविल लाइन थाने की पीसीआर नंबर चार पर तैनात दो पुलिसकर्मियों की एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गई है। इसमें एक पुलिसकर्मी हाथ में गिलास लिए हुए हैं। जिप्सी के पिछले पायदान पर शराब की बोतल और खाने की वस्तुएं रखी हुई हैं। मामला उच्च अधिकारियों के पास पहुंचा तो दोनों पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
सोमवार सुबह सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ, जिसमें सिविल लाइन थाना पुलिस की एक जिप्सी एचएयू के गेट नंबर तीन के सामने किसान मेला ग्राउंड में खड़ी दिख रही है। पुलिस की जिप्सी के पिछले पायदान पर शराब की एक बोतल और चिप्स रखे हुए हैं। जिप्सी के पास ही एक युवक खड़ा हुआ है, जिसके हाथ में डिस्पोजल गिलास में शराब डाली हुई है। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी हाथ में डिस्पोजल लिए आता है। वह वीडियो बनाने वाले से बातचीत करता है। जिप्सी के दूसरी तरफ चला जाता है। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी फोन बात करते हुए वीडियो बना रहे शख्स के पास आता है। फोन पर बात बंद कर वीडियो बनाने वाले से बात करता है। पहले वाला पुलिसकर्मी फिर से आता है। कोई बात न कहकर मोबाइल फोन बंद करने की बात कहता है। 37 सेकेंड की इस वीडियो क्लिप को कई व्हाट्सएप ग्रुुप में डाला गया है।
पुलिस जिप्सी के पास शराब का गिलास लिए खड़ा युवक वीडियो बना रहे शख्स से कहता है, ओ भाई साहब बस...
वर्दी पर एक स्टार लगा पुलिसकर्मी- अफसरों मान्या करो बात नै।
वीडियो बनाने वाला- हमारे को कोई दिक्कत नहीं आती क्या।
पुलिसकर्मी- नहीं आएगी, कोणी आण दयां फेर।
वीडियो बनाने वाला- फोन पर बात करने वाले पुलिसकर्मी से ये क्या सिस्टम है।
पुलिसकर्मी- क्या बात हो गई और फोन काट देता है।
वीडियो बनाने वाला- बात क्या होती है, सिस्टम आपका देखो नै, हमारा क्या देखे हम।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में जो पुलिसकर्मी दिखाई दे रहे हैं, उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी है। जांच कमेटी मंगलवार को अपनी रिपोर्ट सौंप देगी। इसके बाद आगे फैसला लिया जाएगा।
-जितेंद्र सिंह, डीएसपी, हिसार
हिसार पुलिस पर इन मामलों की जांच पर उठे सवाल
-नारनौंद में सात साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म मामला।
- हांसी में दलित महिला से प्रताड़ना करने का मामला।
- हिसार महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सरोज बाला पर हनी ट्रैप का आरोप।
-हिसार सदर थाने में महिला एएसआई संतोष का रिश्वत लेने का वीडियो वायरल।
- रावलवास के लोगों को गिरफ्तार करने के बाद उनके मोबाइल तोड़ने का मामला।
महिला आयोग ने भी उठाए सवाल...
महिला आयोग की चेयरमैन प्रतिभा सुमन, वाइस चेयरमैन प्रीति भारद्वाज, सदस्य सुमन बेदी ने हिसार में मीडिया से बातचीत करते हुए हांसी-हिसार पुलिस के प्रति असंतुष्टि जाहिर की थी। यह भी कहा कि 80 प्रतिशत मामलों में महिलाएं पुलिस से प्रताड़ित हैं।