अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
शहर निवासी युवती से मारपीट और छेड़छाड़ करने वाले युवक के खिलाफ पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न करने से आहत होकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। युवती ने घर में एक कमरे में पंखे पर चुन्नी के जरिये फांसी लगा ली। समय रहते उसकी बहन ने उसे देख लिया और उसे नीचे उतारकर उपचार के लिए नागरिक अस्पताल ले आई। चिकित्सकों की माने तो युवती की हालत चिंताजनक है। वहीं घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है।
नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन युवती की बहन ने बताया कि 13 मई को बहन के साथ पड़ोस में रहने वाले एक युवक और उसके साथियों ने मारपीट की थी। वह युवक मेरी बहन को खींचकर अपने घर ले गया था और वहां पर छेड़छाड़ की थी। घायल हालत में बहन को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। घटना के बाद सिविल लाइन थाने में महिला पुलिसकर्मी को शिकायत दी गई। आरोप है कि महिला पुलिसकर्मी और एक अन्य ने शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की, बल्कि हमारे ऊपर समझौता करने का लगातार दबाव बनाते रहे। इसी बात से तंग आकर मेरी बहन ने सुसाइड करने का प्रयास किया।
युवती की बहन ने बताया कि सोमवार शाम को बहन अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर तक बहन बाहर नहीं आई तो उसे देखने के लिए कमरे की तरफ गए, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। यह देख खिड़की में रखे हुए कूलर को हटाया और अंदर झांककर देखा तो बहन चुन्नी के जरिये पंखे पर लटक रही थी। शोर मचाया तो पड़ोसी दौड़कर आए और उसे नीचे उतारा। फिर उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लेकर आए। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।