फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जीजा-साले के बीच हुए विवाद में प्रत्यक्षदर्शी पर हमला कर मौत के घाट उतारा

विज्ञापन
विज्ञापन
सिवानी मंडी। तीन दिन पहले जीजा-साले के बीच कथित रूप से हुए आपसी विवाद में पुलिस के सामने गवाही देने का वादा करने वाले बड़वा गांव के पूर्व पंच लीलूराम को विवाद में शामिल हमलावरों ने पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर बड़वा के ही प्रकाश सहित 10 अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही पूर्व पंच का शव गांव पहुंचा तो ग्रामीणों ने रोड जाम कर पुलिस व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। ग्रामीणों का कहना था कि अगर पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर लेती तो आज पूर्व पंच की जान बचाई जा सकती थी।
विज्ञापन

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय अदालत परिसर में वकालत करने वाले सुखबीर वर्मा पर आरोप है कि बड़वा में इलेक्ट्रीशियन का काम करने वाले हिसार जिले के हिंदवान निवासी रामनिवास ने 19 जून की रात कुछ लोगों से हमला करा दिया था। रामनिवास के मुताबिक हमलावरों ने लाठियों व रॉड से वार कर उसे बुरी तरह से पीटा। मदद के लिए उसने शोर मचाया तो पड़ोस के लोगों ने उसे छुड़वाया और उसे उपचार के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। रामनिवास ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि गांव के ही प्रकाश ने सिवानी के सुखबीर वकील के कहने पर उस पर हमला किया है।

गवाह बनने के बाद उतारा मौत के घाट
रामनिवास पर हमले की जांच करने बड़वा पहुंचे जांच अधिकारी कृष्ण कुमार के मुताबिक वे जांच-पड़ताल के लिए जब गांव में पहुंचे तो वहां मौजूद पूर्व पंच लीलू राम ने बताया कि रामनिवास बेकसूर है और वह इसमें गवाही देने के लिए तैयार है। लीलू राम ने पुलिस से कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो वह अपने ऑटो में ग्रामीणों को लाकर पुलिस और कोर्ट के सामने आरोपियों के खिलाफ गवाही दे सकता है। जांच अधिकारी के मुताबिक इसकी भनक जैसे ही रामनिवास पर हमला करने वाले लोगों को मिली तो वे लीलूराम की तलाश में जुट गए। शुक्रवार देर रात लीलूराम उन्हें गांव में एक दुकान पर मिला तो उन्होंने उस पर हमला बोल दिया। हमलावर उसे बेरहमी से पीटने के बाद मौके से फरार हो गए। निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
विज्ञापन


ग्रामीणों ने किया रोड जाम
ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पहले गांव में हिसार-सिवानी रोड और बाद में अंबाला-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों के इस जाम से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। उनकी मांग है कि आरोपियों को तुरंत प्रभाव से गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलवाई जाए। जाम की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी सूरजभान, एसडीएम पृथ्वी सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को जल्द कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया।

प्रकाश समेत 10 अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। हत्यारोपियों के तार किस-किस के साथ जुड़े हैं, इसकी जांच की जा रही है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
विज्ञापन

सूरजभान, थाना प्रभारी, सिवानी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें