बरवाला। शहर के वार्ड नंबर 9 स्थित इनेलो विधायक वेद नारंग के घर में शनिवार रात को चोर घुस गए। चोरों ने घर में रखी 70 हजार रुपये की नकदी और जेवर सहित अन्य सामान चोरी कर लिया।
खुद विधायक वेद नारंग इस समय अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए हिसार में रह रहे हैं जबकि बरवाला स्थित आवास पर उनके बड़े भाई सतीश नारंग का परिवार रहता है। सूचना मिलने के बाद बरवाला पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन की। इस बीच फोरेंसिक टीम ने भी फिंगर प्रिंट व अन्य तथ्य जुटाए।
भाई का परिवार गया हुआ था शादी समारोह में
पुलिस को दी शिकायत में विधायक वेद नारंग के भाई सतीश नारंग ने बताया कि शनिवार रात को वह परिवार सहित शादी समारोह में हिसार गए हुए थे। रात करीब एक बजे जब वापस लौटे तो मेन गेट का ताला टूटा हुआ था। मकान के अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। जब घर के अंदर रखे सामान को संभाला तो घर में रखी 70 हजार रुपये की नकदी व आर्टीफिशियल गहनों के सेट और कंगन गायब थे। रविवार सुबह मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। विधायक वेद नारंग ने भी बड़े भाई से मामले की जानकारी लेकर पुलिस से बातचीत की।
मैं तीन-चार दिन से बाहर गया हूं। सोमवार को वापस आऊंगा। सूचना मिलने के बाद बरवाला में चोरी स्थल और उकलाना में पूर्व विधायक के घर जाकर पुलिस ने पूरी जानकारी ले ली है। फिलहाल केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास करेंगे।
- संजय कुमार, डीएसपी, बरवाला।